गोविंद बल्लभ पंत कृषि विवि में चल रहे किसान मेले में तीसरे दिन पशु चिकित्सा एवं पशुपालन विज्ञान महाविद्यालय के प्रांगण में पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। 11 वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता सुमित प्रसाद की हॉलिस्टन दुधारू गाय और किच्छा के जैनुल की दुधारू भैंस को सर्वोत्तम पशु चुना गया। दोनों पशुओं को कुलपति डॉ. तेज प्रताप ने रिबन बांधकर सुशोभित किया। प्रदर्शनी में कुल 39 पशुओं ने भाग लिया।
शनिवार को हुई पशु प्रदर्शनी में हॉलिस्टन दुधारू गाय वर्ग में झा कॉलोनी के सुमित प्रसाद एवं डॉ. सलीम की गाय, हॉलिस्टन गाभिन गाय वर्ग में जैनुल की गाय, दुधारू भैंस वर्ग में जैनुल की भैंस, बछिया वर्ग में दिव्यांशु की बछिया, गाय गोवत्स वर्ग में अली अकबर का गोवत्स, बकरा वर्ग में निजामुद्दीन का बकरा अव्वल रहा। गाभिन बछिया वर्ग में मिट्ठू लाल की बछिया, बकरी वर्ग में कन्हैया की बकरी एवं भेड़ वर्ग में भूपेंद्र भारती की भेड़ द्वितीय रही।
दुधारू जर्सी गाय वर्ग में राहुल यादव की गाय एवं भैंस गोवत्स में नईम का गोवत्स तृतीय रहा। इन वर्गों में कोई पशु अव्वल नहीं आया। प्रदर्शनी में डॉ. डीवी सिंह, डॉ. वीएस राजौरा व डॉ. एसके सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आयोजन में डॉ. जेएल सिंह, डॉ. राजीव रंजन एवं डॉ. अमित प्रसाद ने विशेष योगदान दिया। वहां संयोजक अधिष्ठाता पशु चिकित्सा डॉ. वाईपीएस डबास, सहसंयोजक, डॉ. अवधेश कुमार आदि थे।