- 20 जून को काशीपुर में पुलिस को चकमा देकर हुआ था फरार नशा तस्कर
- एसओजी समेत पुलिस की दो टीम ने मिलकर चार जिलों की छानी खाक
- 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था एसएसपी ने
संवाद न्यूज एजेंसी
काशीपुर। हथकड़ी समेत फरार 25 हजार के ईनामी नशा तस्कर शहनावाज को एसओजी और काशीपुर पुलिस ने 23 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकड़ने में एसओजी सहित तीन टीम ने यूपी और उत्तराखंड के चार जिलों की खाक छानी। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि बदमाश को शरण और सहायता करने वालों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शातिर अपराधी को पकड़ने वाली पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को एसएसपी मंजू नाथ टीसी, एसपी अभय सिंह और सीओ वंदना वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह एसपी अभय सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार शहनावाज कुंडा थाना सीमा पर देखा गया है। एसपी के निर्देश पर कोतवाल मनोज रतूड़ी के नेतृत्व में एसआई देवेंद्र सामंत, कपिल कांबोज, संतोष देवरानी, मनोज जोशी और एसओजी प्रभारी रुद्रपुर निरीक्षक बिजेंद्र शाह, उप निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में टीम गठित की। टीम ने कुंडा से आगे जसपुर रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में काफी टालमटोल के बाद उसने अपना नाम शहनावाज निवासी ग्राम हकीकतपुर थाना नगीना जिला बिजनौर बताया। उसके पास से मय रस्सा हथकड़ी, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।
-
यह है पूरा मामला
शहनावाज को अल्मोड़ा पुलिस ने इसी साल जनवरी में 27 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। तब से वह अल्मोड़ा जेल में बंद था। 20 जून को आरोपी शहनावाज की नगीना बिजनौर अदालत में तारीख थी। अल्मोड़ा पुलिस के तीन कर्मचारी शहनावाज को लेकर 20 जून को नगीना (बिजनौर) जा रहे थे। काशीपुर में रामनगर रोड स्थित एक होटल के पास शहनावाज पुलिस को झांसा देकर हथकड़ी सहित फरार हो गया था। अल्मोड़ा पुलिस टीम ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई। आरोपी को पकड़ने के लिए एसओजी रुद्रपुर और काशीपुर और अल्मोड़ा पुलिस की टीम तलाश में जुट गई। इधर एसएसपी अल्मोड़ा ने मामले में अपने तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने बताया पुलिस ने फरार बदमाश को पकड़ने के लिए उस पर 25 हजार का ईनाम घोषित कर दिया था। बावजूद इसके नशा तस्कर पुलिस टीम को छकाता रहा।
-
तेल और साबुन लगाकर निकाली हाथ से हथकड़ी
काशीपुर। नशा तस्कर शहनावाज ने पुलिस पूछताछ में बताया कि फरार होने के बाद उसने रास्ते में एक स्थान पर तेल व साबुन लगाकर हथकड़ी को निकाली। इसके बाद वह काशीपुर सीमा क्षेत्र से बाहर चला गया। इसके बाद वह रामपुर, बिजनौर, मुरादाबाद में कई स्थानों पर अपने परिचितों के यहां रुका था
-
तीन टीम कर रही थीं तलाश
काशीपुर।। पुलिस एक टीम ने घटनास्थल के आसपास अभियुक्त के भागने के रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। दूसरी टीम ने फरार अभियुक्त के संभावित छिपने के स्थानों, परिजनों व रिश्तेदारों के संबंध में सूचना एकत्र की। साथ ही लगातार छिपने वाले स्थानों पर दबिश दी। तीसरी टीम ने अभियुक्त के रिश्तेदारों, परिचितों के मोबाइल नंबर को बारे में जानकारी जुटाकर उन्हें सर्विलांस पर लगाया। साथ ही अभियुक्त के संबंध में हर छोटी-बड़ी जानकारी जुटाई।
-
आपराधिक परिवार से है ताल्लुक
काशीपुर। एसएसपी ने बताया कि शहनावाज नगीना थाना क्षेत्र में लूट, हत्या, डकैती जैसे कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। फरारी के दौरान यह लगातार ठिकाने बदलता रहा। जब उसके पास रुपये खत्म हो गए तो वह कुंडा सीमा के पास किसी व्यक्ति से रुपये लेने के इंतजार में खड़ा था। इस दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया। बताया कि शहनावाज की आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। बिजनौर पुलिस के अनुसार इसके माता-पिता पर भी आपराधिक केस दर्ज हैं। यह नशीला पदार्थ बेचने का छुटभईया तस्कर हुआ करता था। एसएसपी ने बताया कि ग्राम हकीकत गंगवाली, पखनपुर नगीना जिला बिजनौर निवासी शहनावाज पर थाना नगीना में विभिन्न मामले में तीन, भतरौंजखान में दो और काशीपुर में दो केस दर्ज हैं।
-
19 जून की शाम से होटल में ठहरी थी अल्मोढड़ा पुलिस
एसएसपी ने बताया कि जानकारी मिल रही है कि अल्मोड़ा पुलिस की टीम 19 जून की शाम से ही नशा तस्कर शहनावाज को लेकर काशीपुर के एक होटल में ठहरी हुई थी। जहां से वह 20 जून की सुबह ही हथकड़ी सहित फरार हो गया। उन्होंने कहा कि अब इस मामले की अलग से जांच कराई जाएगी।
-
पहाड़ में नशे का जाल बिछाना चाहता था शहनावाज
काशीपुर। अल्मोड़ा पुलिस ने नशा तस्कर शहनावाज अहमद के पहाड़ में नशे की तस्करी का जाल बिछाने के इरादे पर पानी फेर दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहनावाज उत्तराखंड में नशीले पदार्थ की तस्करी करना चाहता था। उसका इरादा पहाड़ से गांजा खरीदकर बिजनौर के एजेंट को देना और बिजनौर से स्मैक खरीद कर पहाड़ी क्षेत्रों में बेचना था लेकिन भतरौंजखान की पुलिस ने 15 जनवरी 2023 को 27 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार कर उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
-
पुलिस टीम में यह रहे शामिल
काशीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, एसआई देवेंद्र सिंह सामंत, कपिल कांबोज, संतोष देवरानी, मनोज जोशी, कुलदीप सिंह, किशोर फत्र्याल, सुरेंद्र सिंह, ईश्वर सिंह, महिला कांस्टेबल प्रियंका कांबोज शामिल रहीं। एसओजी की टीम में रुद्रपुर एसओजी प्रभारी विजेंद्र शाह, काशीपुर एसओजी प्रभारी एसआई भुवन चंद्र जोशी, कांस्टेबल कैलाश तोमक्याल, भूपेंद्र कुमार व कुलदीप सिंह रहे। इसके अलावा अल्मोड़ा एसओजी के कांस्टेबल भूपेंद्र पाल, शादाब पाल, मनमोहन सिंह भी शामिल रहे।