गदरपुर। ग्राम पिपलिया नंबर दो में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। बीते मंगलवार को भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग ने ग्रामीणों के साथ सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण कार्य में अनियमितता और निर्धारित मानकों की अनदेखी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर तलब किया था।
बुधवार को आरडब्ल्यूडी के ईई अमित भारती और सहायक अभियंता शमसुद्दीन ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखी। भाजपा नेता नारंग ने कहा कि सड़क की गुणवत्ता सुनिश्चित करना विभाग की जिम्मेदारी है। निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया तो संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोक दिया जाएगा। इस मौके पर वरुण मंडल, कमल मंडल, ओम प्रकाश स्वर्णकार, बबलू सरदार, अजय कुमार, कपिल मंडल आदि मौजूद रहे। संवाद