रुद्रपुर/गदरपुर। कुमाऊं आयुक्त अरविंद सिंह ह्यांकी ने गदरपुर चीनी मिल पहुंचकर एनडीआरएफ बटालियन के अधिकारी और जवानों के आवासीय और कार्यालय भवनों की मरम्मत/नवीनीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। बाद में उन्होंने सीडीओ हिमांशु खुराना, एनडीआरएफ बटालियन के कमांडेंट सुरेश कुमार, कार्यदायी संस्था आरडब्ल्यूडी के इंजीनियर अनिल सैनी और चीनी मिल के जीएम प्रकाश चंद्र के साथ कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कार्यों में धीमी गति पर कार्यदायी संस्था के इंजीनियर को फटकार लगाने के साथ ही कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि संबंधित अधिकारी समन्वय बनाते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य करें। साथ ही कहा कि शेष कार्यों को 20 दिनों में पूरा करते हुए एनडीआरएफ बटालियन को सौंपे ताकि वे अपने कार्यों को सुचारु कर सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो नए कार्य शुरू किए जाने हैं, उन्हें चिह्नित करते हुए डीपीआर बनाकर एक सप्ताह के भीतर शासन को भेजें। वहां एडीएम उत्तम सिंह चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट आकांक्षा वर्मा, एके पंत आदि थे।