पंतनगर। सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन रूस के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पंतनगर विवि पहुंचा है। इसमें संकाय सदस्य और विद्यार्थी शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल पांच से 15 फरवरी और 28 फरवरी से 6 मार्च तक विवि की विभिन्न शैक्षिक और शोध इकाइयों, पंतनगर के आसपास के उद्योगों के साथ ही नैनीताल, राजभवन देहरादून, आईसीएआर-आईवीआरआई बरेली, आईसीएआर-एनडीआरआई करनाल आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर शोध और तकनीकी जानकारी हासिल करेंगे।
बता दें कि जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. मनमोहन सिंह चौहान ने हाल ही में सेंट पीटर्सबर्ग स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ वेटरनरी मेडिसिन रूस का भ्रमण किया था। तब पंत विवि का यूनिवर्सिटी के साथ एमओयू हुआ था। विवि के विभिन्न महाविद्यालयों की प्रयोगशालाओं आदि का भ्रमण अंतरराष्ट्रीय मामले के निदेशक डाॅ. एचजे शिव प्रसाद की देख-रेख में रूसी समन्वयक डाॅ. अमन कंबोज, सह निदेशक अंतरराष्ट्रीय मामले डाॅ. अनीता व सहायक निदेशक डाॅ. स्नेहा दोहरे के सहयोग से किया जाएगा।