रुद्रपुर। श्रीलंका के डिगाना में हुई थर्ड साउथ एशियन जु-जित्सू चैंपियनशिप में रुद्रपुर के क्षितिज सिंह ने भारत का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीता है। जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के महासचिव व कोच ऋषि पाल भारती ने बताया कि जु–जित्सू इंटरनेशनल फेडरेशन व जु–जित्सू एशियन यूनियन (जेजेएयू) की ओर से 10 से 12 अप्रैल तक श्रीलंका में चैंपियनशिप हुई।
इसमें सात देशों के 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर क्षितिज सिंह ने 85 किग्रा भारवर्ग की फाइटिंग स्पर्धा के फाइनल में श्रीलंका के खिलाड़ी को मात देकर स्वर्ण पदक जीता। दूसरे टीम इवेंट डूओ शो मिक्सड इवेंट्स में हल्द्वानी की श्रीपर्णा जोशी ने रजत पदक हासिल किया। खिलाड़ियों की उपलब्धि पर जिला जु–जित्सू एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ, मेयर विकास शर्मा, उपनिदेशक खेल रसिका सिद्दीकी ने खुशी जताई है। संवाद