रुद्रपुर। यूपीआई ट्रांजेक्शन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमआरडी) लागू करने की चर्चा के विरोध में रुद्रपुर के व्यापारी भी उतर आए हैं। रुद्रपुर व्यापार मंडल ने गांधी जयंती पर (आज) नो यूपीआई डे मनाने का एलान किया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने शहर के व्यापारी यूपीआई से भुगतान नहीं लेंगे और ग्राहकों से नकद या कार्ड से भुगतान करने की अपील की है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि यूपीआई देश में डिजिटल भुगतान की रीढ़ बन चुका है। व्यापारी और आम जनता लंबे समय से इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी तरह का अतिरिक्त चार्ज सीधे व्यापारियों और ग्राहकों पर बोझ बनेगा। उन्होंने कहा कि यूपीआई व्यवस्था सरल, पारदर्शी और बिना अतिरिक्त बोझ के होनी चाहिए।
जुनेजा ने कहा कि व्यापारी टैक्स कलेक्शन की मशीन नहीं बल्कि देश की आर्थिक प्रगति का मजबूत स्तंभ हैं। सरकार को ऐसा कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए जिससे छोटे और मध्यम व्यापारियों पर वित्तीय दबाव पड़े। जुनेजा ने कहा कि हम डिजिटल इंडिया और कैशलेस अर्थव्यवस्था के समर्थक हैं, लेकिन डिजिटल भुगतान के नाम पर व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ स्वीकार नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार व्यापारियों की चिंता को गंभीरता से लेते हुए इस प्रावधान पर पुनर्विचार करे। उन्होंने सभी व्यापारियों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया है।