रुद्रपुर। 1150 करोड़ की लागत से बन रही रिंगरोड का तय समय में बनना मुश्किल लग रहा है। रिंग रोड के सिविल वर्क का 15 फीसदी और फ्लाई ओवर, अंडर पास आदि का 30 फीसदी काम शेष है।
20.5 किमी लंबे रिंग रोड का निर्माण कार्य 31 दिसंबर 2025 तक करने का लक्ष्य था। रिंग रोड में 20 स्थानों पर अंडरपास, रेल ओवर ब्रिज, फ्लाईओवर बन रहे हैं। इनका काम करीब 70 प्रतिशत पूरा हुआ है। सिविल वर्क का काम 85 फीसदी हुआ है। रिंग रोड रुद्रपुर शहर के लिए बेहद लाभकारी प्रोजेक्ट है। इसके निर्माण के बाद नगर में वाहनों का दबाव काफी कम हो जाएगा। भारी वाहन शहर के बाहर से सिडकुल और अन्य स्थानों के लिए आवागमन करेंगे। करीब दो लाख आबादी वाले शहर में वाहनों के दबाव के कारण अक्सर जाम लगता है। रिंग रोड बनने से इसमें काफी कमी आने की उम्मीद है।
रिंग रोड में किच्छा रोड पर राधा स्वामी सत्संग न्यास के पास, सिडकुल के पारले चौक, एनएच 74 के इंदरपुर (बिलासपुर), एनएच 87 सके आरएएन पब्लिक स्कूल के पास और एमिनिटी पब्लिक स्कूल के पास फ्लाईओवर, मटकोटा और इंदरपुर के पास रेल ओवरब्रिज बन रहा है। बहेड़ी सड़क पर मेडिसिटी अस्पताल के पास, भूरारानी, बारादरी, बागवाला, डिबडिबा, बिंदुखेड़ा, इंदरपुर समेत छह अन्य स्थानों पर अंडरपास का निर्माण हो रहा है।
कोट
- रिंग रोड का काम 31 जनवरी तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। अवशेष कार्य तेज गति से किए जा रहे हैं। राधा स्वामी सत्संग के पास जमीन उपलब्ध न होने से फ्लाईओवर और अन्य काम में देरी हुई। अब जमीन मिल गई है। -तुषार गुप्ता, साइट इंजीनियर, एनएचएआई