रुद्रपुर डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र का मंगलवार का शुभारंभ होगा। मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद भगत सिंह कोश्यारी केंद्र का शुभारंभ करेंगे। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी देहरादून ऋषि अंगरा और मुख्य पोस्टमास्टर जनरल उत्तराखंड विनय कुमार तिवारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
डाकघर निरीक्षक अशोक पाठक ने बताया कि पासपोर्ट सेवा केंद्र के शुभारंभ के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को शुभारंभ होने के बाद केंद्र पर विधिवत पासपोर्ट बनाने का काम शुरू किया जाएगा। आवेदकों के पासपोर्ट बनाने के लिए तीन काउंटर बनाए गए हैं। आवेदक ऑनलाइन पंजीकरण कराने के साथ ही पासपोर्ट का शुल्क जमा कराने के बाद निर्धारित तिथि पर केंद्र में पहुंचकर पासपोर्ट बनाने की अन्य औपचारिकता पूरी कर सकते हैं।
केंद्र पर देहरादून कार्यालय के दो कर्मचारियों के साथ ही डाकघर के भी दो कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के बाद नियुक्त किया गया है। केंद्र संचालन के लिए कंप्यूटर मिलने के साथ ही सर्वर लाइन भी बिछ चुकी है। पासपोर्ट बनाने के लिए पासपोर्ट कार्यालय देहरादून के ही सर्वर का उपयोग किया जाएगा। कार्यालय समय के अनुसार सुबह नौ से शाम पांच बजे तक केंद्र पर पासपोर्ट बनाने का काम किया जाएगा। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ऋषि अंगरा ने बताया कि मंगलवार को दोपहर बाद तीन बजे उद्घाटन के बाद केंद्र में पासपोर्ट बनाने का विधिवत काम शुरू हो जाएगा।