ट्रांजिट कैंप में मेन गेट फांदकर घर में घुसे चोर, सीसीटीवी में हुए कैद
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप बस्ती के बीच देर रात दो चोर मेन गेट से फांदकर एक घर में घुस गए। चोरों ने घर के लोगों को कमरे में बंद कर वहां से नकदी और जेवर पार कर दिए। घर में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण की दुकान से उन्होंने 1.20 लाख रुपये की नकदी और उपकरण चुरा लिए। घर के नजदीक लगे सीसीटीवी में दो चोर कैद हुए।
ट्रांजिट कैंप, वार्ड न.04 आजाद नगर में संध्या विश्वास अपने बेटे गौतम और बहू के साथ निवासी करती हैं जबकि बेटा घर में ही दुकान चलाता है। संध्या के मुताबिक, शनिवार की रात वह घर के प्रथम तल पर कमरे में सो रही थी, जबकि दूसरे कमरे में बेटा और बहू थे। रविवार सुबह करीब चार बजे उनका पोता रोने लगा तो बहू ने दरवाजा खोलना चाहा तो वह बाहर से बंद था। जब बेटे ने कमरे में बने रोशन दान से बाहर झांका तो घर का मुख्य दरवाजा खुला था। संध्या के मुताबिक उसके कमरे के दरवाजा में भी बाहर से कुंडा लगा था। बेटे ने दूसरी मंजिल में रह रहे किरायेदार को जगाया और उसने दोनों दरवाजे के बाहर लगी कुंडी को खोला। वे बाहर आए तो बगल के एक कमरे में रखी अलमारी का लॉकर टूटा था और सामान बिखरा पड़ा था। बेटा घर से सटी दुकान में गया तो वहां का सामान भी बिखरा था। चोर मुख्य गेट पर चढ़कर घर के अंदर पहुंचे थे। चोर अलमारी में रखा सोने का हार, चेन, अंगूठी, पायल सहित घरेलू सामान के अलावा दुकान में रखे 1.20 लाख रुपये और कुछ सामान भी ले गए। एसएचओ सुंदरम शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।