जसपुर। एक सप्ताह पूर्व घर से लापता हुई युवती अपने प्रेमी के साथ कोतवाली पहुंची। वहां उसने अपहरण और बहला फुसलाकर भगाकर ले जाने के आरोपों को नकार दिया। कहा कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ गई थी और अब शादी कर लौटी है। ग्राम मंडुआखेड़ा क्षेत्र के एक निवासी ने 30 अप्रैल को अपनी पुत्री के लापता हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सोमवार को युवती अपने प्रेमी के साथ कोतवाली पहुंची। उसने पुलिस से कहा कि दो वर्ष पूर्व उसके मोबाइल की कॉल अचानक बाजपुर निवासी अजय को लग गई थी। इससे दोनों में बातें होने लगी। दोनों एक दूसरे को प्यार भी करने लगे। 30 अप्रैल को उन्होंने घर से भाग कर शाकुंबरी देवी, सहारनपुर मंदिर में शादी कर ली। दोनों एक साथ रहना चाहते हैं।
पुलिस ने दोनों के परिजनों को कोतवाली बुलाया और युवक, युवती की उनसे बात कराई। युवती के परिजन उससे संबंध तोड़कर दोनों को खुश रहने का आशीर्वाद देकर चले गए। वहीं युवक के परिजन युवती को स्वीकार कर उसे अपने साथ ले गए। कोतवाली प्रभारी कमलेश भट्ट ने बताया कि दोनों बालिग है। दोनों के परिजन कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते।
काशीपुर। बदमाशों को अब पुलिस का डर नहीं रह गया है। दो बाइक पर सवार तीन युवकों ने सरेआम एक महिला के अपहरण का प्रयास किया। वह महिला को जबरन बाइक पर उठा ले गए। पिता के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पीछा किया तो बदमाश काफी दूर जाकर महिला को छोड़कर फरार हो गए।
सोमवार सुबह ग्राम बांसखेड़ा कलां गांव के बाहर ठंडा बेचने वाले दुकानदार की विवाहित बेटी पिता के साथ बैठी थी। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार तीन युवक वहां आए और महिला को जबरन उठाकर ले जाने लगे। महिला के पिता ने जब उसे छुड़ाने का प्रयास किया तो उन्होंने उसे धक्का देकर गिरा दिया।
इसी बीच एक बदमाश ने महिला को बाइक पर जबरन बैठा लिया और भाग निकले। महिला और उसके पिता के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने अपने वाहनों से बदमाशों का पीछा कर दिया। ग्रामीणों को पीछा करते देख अपहरण करने वालों ने करीब आधा किमी दूर जाकर महिला को छोड़ दिया और फरार हो गए।
बताया जाता है कि ग्राम बांसखेड़ा कला निवासी एक व्यक्ति की पुत्री मंदबुद्धि है। दो साल पहले ग्राम नन्हूंवाला ठाकुरद्वारा निवासी एक युवक से उसका विवाह हुआ था। लड़की काफी दिनों से मायके में रह रही थी। अपहरण के आरोपी गांव बांसखेड़ा खुर्द के निवासी हैं। घटना की सूचना पुलिस को दी जा चुकी है।