रुद्रपुर। जून का महीना भी समाप्ति की ओर है लेकिन रोडवेज कर्मियों को अब तक मई के वेतन का भुगतान नहीं हो सका है। वेतन न मिलने पर कर्मचारी नेताओं ने रोष जताया है। रोडवेज संयुक्त कर्मचारी परिषद (कार्यशाला) के मंडलीय मंत्री दिनेश कुमार ने बताया कि निगम के नियमित कर्मियों के साथ संविदा और आउटसोर्स कर्मियों को मई के वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। अप्रैल के वेतन का भुगतान कुछ ही दिन पहले हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्ष से कभी भी समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। परिषद के शाखा मंत्री राजेश कुमार ने समय पर वेतन न मिलने को कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया। उन्होंने कहा कि निगम प्रबंधन और सरकार को समय पर वेतन देने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। संवाद