रुद्रपुर में रोडवेज कर्मियों ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया, जिससे बस संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
रुद्रपुर में छह सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के कर्मचारी शुक्रवार से पूरी तरह कार्य बहिष्कार पर बैठ गए। इससे रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित हो गया और यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। बसों के इंतजार में खड़े यात्रियों को मजबूरी में निजी वाहनों का रुख करना पड़ रहा है। कई यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी बसों और अन्य साधनों पर निर्भर हैं।
विज्ञापन
यूनियन लंबे समय से समान काम-समान वेतन, नियमितीकरण, लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान, समय पर वेतन देने और ठेका व आउटसोर्स कर्मचारियों के समायोजन की मांग उठा रही है। कर्मचारियों ने पहले 24 घंटे का सांकेतिक धरना दिया था। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के बाद 30 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।