काशीपुर। रोडवेज डिपो प्रशासन ने तीन रूटों पर बसों का संचालन बढ़ाने को लेकर मुख्यालय से पत्राचार किया है। अनुमति के बाद प्रस्तावित रूट पर बसें बढ़ाई जाएंगी, इससे काफी हद तक यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रोडवेज डिपो प्रशासन अब काशीपुर से पीलीभीत, मुजफ्फरनगर व ऋषिकेश तक बसों के संचालन की तैयारी में है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों से अनुमति लेने की तैयारी की जा रही है। बताया जाता है कई साल पहले तक मुजफ्फरनगर बस का संचालन हुआ करता था, लेकिन किन्हीं कारणों के चलते संचालन बंद कर दिया गया।
अब पीलीभीत, मुजफ्फरनगर व ऋषिकेश तक बस संचालन की मांग उठने लगी है। काशीपुर से इन तीनों रूट पर सवारियां भी अधिक आती-जाती हैं। अब तक इन रूट पर जाने के लिए अलग-अलग वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
डिपो के केंद्र प्रभारी अनवर कमाल ने बताया इन तीन रूटों पर बसों के संचालन की रूपरेखा तैयार की जा रही है। मुख्यालय से अनुमति मिलने के बाद बसों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा, क्योंकि डिपो के पास इन तीनों रूट पर बस संचालन के लिए बस उपलब्ध हैं। साथ ही इस रूट पर बसों का संचालन होने से निगम की आय में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।