कोरोना महामारी के कारण यात्रियों की संख्या घटने से रोडवेज बसों का संचालन भी धीमा पड़ गया है। रुद्रपुर डिपो में दो बसों के बीच संचालन का अंतराल दो घंटे तक का पहुंच गया है। साथ ही डिपो से वर्तमान में स्थानीय रूटों पर सिर्फ आठ बसें ही संचालित की जा रही हैं।
विज्ञापन
कोरोना महामारी से पहले रुद्रपुर डिपो से करीब प्रति 30 मिनट के अंतराल पर विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन होता था लेकिन कोराना संक्रमण बढ़ने के बाद से बसों के संचालन पर असर पड़ा है।
यात्रियों की संख्या घटने के कारण अब दो बसों के बीच का अंतराल 30 मिनट से बढ़कर दो घंटे पहुंच गया है। इस संबंध में एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में यात्रियों की कमी के कारण एक दिन में सिर्फ आठ बसें ही संचालित की जा रही हैं। इन बसों का संचालन रुद्रपुर से जसपुर, टनकपुर और हल्द्वानी तक ही हो रहा है। बसों में अधिकतम 50 प्रतिशत यात्रियों को ही बैठाया जा रहा है। कई बार एक-दो यात्री ही होने के कारण बसों के संचालन में देरी हो रही है। (संवाद)