सितारगंज। टनकपुर क्षेत्र से संचालित लंबे रूट की अधिकतर रोडवेज बसें सितारगंज स्थित बस अड्डे आने के बजाय सीधे अपने गंतव्य को निकल रही हैं। इस कारण यात्रियों को रोडवेज स्टैंड पर बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
यात्री कहते हैं कि दिल्ली, देहरादून, बरेली, चंडीगढ़, जयपुर सहित अन्य शहरों से टनकपुर आने-जाने वाली बसें हाईवे बाईपास पर ही यात्रियों को उतारती और बिठाती हैं।
इसके कारण यात्रियों को वहां से शहर तक लगभग एक किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है। इस समस्या से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी होती है। कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत भी की लेकिन अब तक समाधान नहीं निकला है।
2021 में हुआ था बस स्टैंड का निर्माण
सितारगंज के लोगों को बेहतर परिवहन सेवा प्रदान करने के लिए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने साल 2017 में 4.21 करोड़ की लागत से रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कराया। अब रोडवेज बस चालकों और परिचालकों की मनमानी के कारण लोग सुविधाओं से वंचित हो रहे हैं।
बाईपास हाईवे और चौक-चौराहों पर रोडवेज बसों की निगरानी के लिए टीम की तैनाती की जाएगी जो बसों को रोडवेज बस स्टैंड भेजेंगी। इसके अलावा जो बसें रोडवेज स्टैंड नही आएंगी। उसकी रिपोर्ट की जाएगी ताकि चालक-परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
-टीएस राणा, सहायक महाप्रबंधक