सितारगंज। सिडकुल सड़क बनते-बनते ही उखड़ने लगी है। डामरीकरण के उखड़ने से लोनिवि के सड़क निर्माण के कार्य पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। वहीं, शिकायत के बाद हरकत में आए विभाग की ओर से खामियों को छिपाने के लिए अब पैचवर्क कराया जा रहा है। भाजयुमो नेता ने आरोप लगाया कि विभाग मानकों की अनदेखी कर निर्माण करा रहा है।
बता दें कि लोनिवि की ओर से सिडकुल को जाने वाली सड़क पर सिसौना गांव के पास करीब पांच किमी सड़क का 4.95 करोड़ की लागत से डामरीकरण किया गया जो अब उखड़ने लगी है। हैरत की बात है कि अभी डामरीकरण का काम पूरा भी नहीं हुआ है और अभी से ही सड़क उखड़ने लगी है।
भाजयुमो नेता मुकेश सनवाल ने डामरीकरण के तुरंत बाद उखड़ रही सड़क की शिकायत विधायक सौरभ बहुगुणा और उच्चाधिकारियों से की। उन्होंने सड़क निर्माण में निम्न गुणवत्ता की बात कहते हुए नाराजगी जताई। इधर, जहां से डामर उखड़ रहा है, वहां विभाग खामियां छिपाने के लिए पैचवर्क कराने में जुटा है। आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। यदि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो जल्द सड़क खराब हो जाएगी।
सड़क के डामरीकरण का काम चल रहा है। बरसात के कारण पेड़ गिरने से जाम लग गया। इस वजह से डामर की नवनिर्मित सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। अभी तो काम चल ही रहा है, जहां पर सड़क उखड़ रही है, उसे ठीक करा दिया जाएगा। सड़क का निर्माण मानक के तहत ही किया जा रहा है। यदि कोई कमी आई तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। - प्रमोद सुयाल, सहायक अभियंता, लोनिवि, सितारगंज।