माफिया ने खनन के लालच में क्षेत्र की नदियों को गहराई तक खोद डाला। इससे क्षेत्र के 26 गांवों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। इनमें कोसी नदी से प्रभावित सुल्तानपुर, मुकुंदपुर, मडैया गुलजारी, रामजीवनपुर, रतनपुरा, रतनपुरी, मडैया बक्सी, जोगीपुरा, गोबरा, गुलड़िया, बैंतखेड़ी, नूरपुर, पटौटी, महताबवन व गुलजारपुर, लेवड़ा नदी से प्रभावित होने वाले बरहैनी, चनकपुर, खंबारी व नमूना, बौर और गडरी नदी से प्रभावित होने वाले मडैया रतना, सरकड़ी, रम्पुराकाजी, भव्वानंगला, टांडाआजम, पहाड़पुर, भैंसिया फार्म सहित 26 गांव चिन्हित किए गए हैं। बता दें कि पिछले वर्ष कोसी नदी में आई बाढ़ से जोगीपुरा क्षेत्र में कटाव हुआ था। रजिस्ट्रार कानूनगो चंद्रपाल ने बताया कि बाजपुर क्षेत्र में पुलिस चौकी सुल्तानपुर पट्टी, प्राथमिक विद्यालय रतनपुरा, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोगीपुरा, प्राथमिक विद्यालय बरहैनी, पुलिस स्टेशन केलाखेड़ा, प्राथमिक विद्यालय भैंसिया फार्म जबकि कोसी पार काशीपुर की सीमा के अंतर्गत कुंडेश्वरी में बाढ़ चौकी स्थापित की गई हैं।
तहसील में बना बाढ़ कंट्रोल रूम
बारिश को देखते हुए बाढ़ चौकियों को सतर्क कर दिया गया है। चौकियों पर पटवारी के नेतृत्व टीम गठित की गई है। तहसील में बाढ़ कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका नंबर 05949-281002 है। लोग बाढ़ से संबंधित सूचना इस नंबर पर दे सकते हैं।
- केपी सिंह, तहसीलदार, बाजपुर।