रुद्रपुर। इस बार सरकारी कर्मचारियों को वेतन के लिए चार से पांच दिन इंतजार करना पड़ा। सर्वर शिफ्टिंग के कारण यह दिक्कत आई।
अमूमन सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को महीने की पहली तारीख तक वेतन मिल जाता है। सुरक्षा से जुड़े महकमों के कर्मियों के खाते में उसी माह की अंतिम तिथि को वेतन आ जाता है। इस बार तीन फरवरी तक भी जनवरी का वेतन नहीं आने पर कर्मचारी कोषागार से संपर्क करते रहे।
कोषाधिकारी धीरज तिवारी ने बताया कि सर्वर शिफ्टिंग के कारण पूरे प्रदेश में यह दिक्कत रही। सोमवार शाम 6 बजे सर्वर शिफ्टिंग काम पूरा हो गया था। मंगलवार को आधा घंटा पहले सुबह साढ़े नौ बजे ही सारा स्टाफ कार्यालय पहुंच गया था। जिन विभागों ने वेतन आहरण की कार्यवाही पूरी कर दी थी, उन्हें वेतन का भुगतान कर दिया गया है। वेतन भुगतान में अब किसी तरह की दिक्कत नहीं है। खातों में वेतन आने से कर्मचारियों को राहत मिली है।