रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। एनआईए ने चार महीने में दूसरी बार बाजपुर में छपा मारा है। इस बार एनआईए ने पंजाब के नाभा जेल ब्रेक कांड के आरोपी रहे आसिम के छोटे भाई और गनहाउस संचालक नाजिम को टीम हिरासत में ले गई है। बताया जा रहा है कि पूरा मामला पंजाब में खालिस्तानियों के संपर्क में रहे गैंगस्टरों से जुड़ा है। नाजिम भी गैंगस्टरों के संपर्क में रहा था।
तराई में समय-समय पर खालिस्तान समर्थित संगठन और आतंकवाद के कनेक्शन मिलते रहे है। पुलिस ने कई बार खालिस्तानी समर्थकों को हिदायत देकर छोड़ा है। सूत्रों के अनुसार नाजिम के संपर्क पंजाब के कुछ गैंगस्टरों से होने की जानकारी के बाद यह कार्रवाई की गई है। इन गैंगस्टरों के संपर्क खालिस्तान समर्थकों से होने की बात सामने आई है। हालांकि स्थानीय पुलिस इस मामले में कुछ कहने से बच रही है।
इन मामलों में भी चर्चा में रहा है तराई
-जनवरी में दिल्ली में आंतकी नौशाद के साथ गिरफ्तार गूलरभोज निवासी जगजीत उर्फ जग्गा के संबंध खालिस्तान टाइगर फोर्स से होने की बात सामने आई थी।
- पंतनगर में 2014 में धार्मिक माहौल खराब करने में शामिल रहे बरेली निवासी इनामुल को यूपी एटीएस 2020 गिरफ्तार कर चुकी है।
-पठानकोट बम ब्लास्ट का आरोपी सुखप्रीत बाजपुर क्षेत्र में शरण ले चुका है।
जमानत पर रिहा हुआ था आसिम
बाजपुर। पंजाब का चर्चित नाभा जेल ब्रेक कांड 27 नवंबर 2016 को हुआ था। इस मामले में 30 लोगों पर नाभा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें बाजपुर के गांव धनसारा निवासी मोहम्मद आसिम का नाम भी शामिल था। मई 2023 को पटियाला अदालत ने दो जेलकर्मियों और नौ गैंगस्टरों समेत 20 लोगों को 10-10 साल कैद की सजा सुनाई थी। इस मामले में पटियाला के एडिशनल सेशन जज की ओर से दोषी करार दिए जा चुके दो गैंगस्टरों समेत चार दोषियों को पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट ने जमानत पर रिहा किया और आसिम छह आरोपियों को बरी कर दिया था। उसके बाद से आसिम अपने परिवार के साथ रह रहा था।
व्हाटसअप कॉल आने पर जमीन पर पटक दिया फोन
बाजपुर। एनआईए के छापे के दौरान नाजिम की पत्नी के मोबाइल पर व्हाटसअप कॉल आ रही थी। इस पर परिजनों ने उसका मोबाइल जमीन पर फेंक दिया। मोबाइल की डिस्पले टूट गई। बताया जा रहा है कि कॉल दिल्ली से आ रही थी। एनआईए उस कॉल की डिटेल निकालने में जुटी है।
नाभा जेल ब्रेक कांड में छूटे आरोपी के गैंगस्टर के नेटवर्क में लिप्त होने को लेकर इनपुट था। एनआईए को काफी इनपुट मिला है और उनकी ओर से ऑपरेशन किया जा रहा है। कुछ अपराधियों को बड़ी मात्रा में हथियार सप्लाई हुआ है। बाकी की जानकारी एनआईए की ओर से दी जाएगी। -मंजूनाथ टीसी, एसएसपी ऊधमसिंह नगर
बाजपुर के गांव धनसारा स्थित आरोपी के घर एन आईए टीम के छापे के दौरान तैनात पुलिस बल। संवाद