रुद्रपुर। मौसम विभाग ने जिले में नौ जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश के अनुमान को लेकर जहां हर व्यक्ति सहमा है, वहीं प्रशासनिक तैयारियां केवल कागजी खानापूर्ति करती दिख रही हैं। शुक्रवार की शाम से आपदा प्रबंधन के कंट्रोल रूम के लैंडलाइन फोन 16 घंटे तक बंद रहे। शनिवार सुबह जब अमर उजाला ने इसकी सूचना प्रशासन को दी तो आनन-फानन महकमा हरकत में आया।
कलक्ट्रेट में आपदा प्रबंधन का कंट्रोल रूम स्थापित है। प्रशासन की मानें तो शुक्रवार की शाम से बीएसएनएल की लैंडलाइन फोन तकनीकी कारणों से बंद हो गए। इसके चलते लोगों का कंट्रोल रूम से संपर्क ही नहीं हो पाया। यह स्थिति एक-दो घंटे तक नहीं बल्कि 16 घंटे तक बनी रही। इस दौरान न तो बीएसएनएल को ख्याल रहा और नहीं प्रशासनिक अधिकारियों को ही। सुबह लोग लगातार कंट्रोल रूम के नंबर 05944- 250250 पर संपर्क करते रहे। सुबह नौ बजे अमर उजाला की तरफ से भी नदियों के जलस्तर के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई तो संपर्क न हो पाया। इस बाबत जब जिलाधिकारी से जानने की कोशिश की गई तो उनका नंबर भी नहीं मिला। इस मामले की सूचना डीआईओ को दी गई। पौने 10 बजे कंट्रोल रूम पहुंचे डीआईओ ने लैंडलाइन नंबर के खराब होना बताया।
एसडीओ रुद्रपुर, अरुण कुमार ने बताया कि बीएसएनएल के सर्वर में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके चलते लैंडलाइन का संपर्क टूट गया था। अब इसे ठीक कर लिया गया है।