पुलिस लाइन में चल रही महिला उपनिरीक्षक की भर्ती प्रक्रिया के लिए सोमवार को दूर दराज से आई युवतियों को भरी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नव नियुक्त एसएसपी के कार्यभार ग्रहण करने के दौरान सभी अधिकारी उनकी अगवानी में लगे रहे जिस कारण भर्ती एक बजे बाद शुरू हो पाई। हालांकि शारीरिक नापजोख की प्रक्रिया सुबह ही पूरी कर ली गई थी।
सोमवार को सामान्य एवं अतिरिक्त पिछड़ा वर्ग के छूटे हुए अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से गुजरना था। इसके लिए सभी अभ्यर्थी सुबह से ही लाइन पर लगे हुए थे। छूटे हुए अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के कारण भर्ती प्रक्रिया रात दस बजे तक जारी रही।
एएसपी कमलेश उपाध्याय ने बताया कि जिले के नव नियुक्त कप्तान के कार्यभार ग्रहण को लेकर भर्ती प्रक्रिया में कुछ देर के लिए व्यवधान पैदा हुआ था। लेकिन इसके बाद प्रक्रिया को सुचारु कर दिया गया। वहीं भर्ती प्रक्रिया को आए सैकड़ों अभ्यर्थियों में शारीरिक दक्षता परीक्षा में कुछ समय के लिए व्यवधान पड़ने से रोष भी देखने को मिला।
वहीं बच्चों के साथ आए अभिभावकों का भी कहना था कि भर्ती को आए बच्चे सुबह से ही भूखे प्यासे पेड़ की छांव में भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करते रहे।