ऊधमसिंह नगर का एनएच भूमि मुआवजा घोटाले से संबंधित और एनएच चौड़ीकरण से जुड़े कई दस्तावेजों को कब्जे में लेने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है। डीएम के आदेश पर कोषागार और डबल लॉक के आसपास सीसीटीवी लगा दिए गए हैं। इन दस्तावेजों के अभाव में मुआवजा घोटाले की जांच में तेजी नहीं आ पा रही थी और प्रभावित किसानों को मुआवजा देने का काम भी ठप पड़ा था।
एक सप्ताह में मुआवजा वितरण प्रक्रिया शुरू कर एक माह के अंतराल में इसे वितरित कर देने बात प्रशासन ने कही है। करीब पांच महीने से एनएच चौड़ीकरण के भूमि मुआवजे के सभी दस्तावेज कोषागार के डबल लॉक में बंद होने से उन किसानों को भी मुआवजा नहीं मिल रहा था जो अविवादित हैं और सही तरीके से जिन्हें उनकी जमीन का मुआवजा दिया जाना है।
प्रशासन ने मुआवजा वितरण और एसआईटी ने घोटाला जांच के लिए उन दस्तावेजों को डबल लॉक से निकलवाने की अनुमति शासन से मांगी थी। शासन से इसकी अनुमति मिल जाने के बाद अब इन्हें कब्जे में लेने की कवायद शुरू हो गई है।
कोषागार के डबल लॉक से रिकार्ड को कब्जे लेने की तैयारी कर ली है। डबल लॉक के बाहर चारों तरफ सीसीटीवी लगा दिए हैं। पात्र किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर शुरू हो जाएगी और एक माह के भीतर किसानों को कृषि भूमि का मुआवजा दे दिया जाएगा।
- डा. नीरज खैरवाल, डीएम ऊधमसिंह नगर
अब एसआईटी भी कब्जे में लेगी रिकार्ड
एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि एनएच भूमि मुआवजा घोटाले की जांच यूं तो अब सीबीआई को करनी है, लेकिन सीबीआई कब तक आती है यह स्पष्ट नहीं होने के कारण अब एसआईटी जिला प्रशासन के अफसरों की मौजूदगी में डबल लॉक से एनएच घोटाले के रिकार्ड को कब्जे में ले लेगी और आगे की जांच चलती रहेगी।