रुद्रपुर। युगांडा में चार से नौ जुलाई तक लेवल थ्री पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल का आयोजन हुआ। इसमें रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप निवासी रवि पाल ने युगल वर्ग में वंश के साथ खेलते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। मिश्रित युगल में संजना के साथ खेलते हुए उन्होंने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। रुद्रपुर लौटने पर लोगों ने उनका स्वागत किया। युवाओं ने शहर में बाइक रैली भी निकाली।
रवि ने बताया कि उनके पिता प्रीतम पाल डेयरी संचालक हैं, जबकि मां सीला गृहिणी हैं। वह दिल्ली में रहकर इंग्लिश ऑनर्स में पीजी कर रहे हैं। कोच सलमान खान और अभय मेहरा कई साल से उन्हें दिल्ली में प्रशिक्षित कर रहे हैं। बताया कि पूर्व में लखनऊ में हुई चौथी राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन स्पर्धा में खेलते हुए कमर में झटका लगने से उन्हें चोट लग गई थी, जो कि अभी तक दर्द दे रही है। इसके बावजूद वह स्वर्ण पदक के लिए डटे रहे। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, समाजसेवी संजय ठुकराल आदि लोगों ने रवि को सम्मानित किया। आवास नारायण कॉलोनी में मेयर रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, नेत्रपाल मौर्य, छेदालाल पाल, राजकुमार कोली, चंद्रसेन कोली, सत्यप्रकाश आदि ने रवि को सम्मानित किया।