रुद्रपुर में बाहरी राज्यों से पहुंचे लोगों के सैम्पल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। जिले में बृहस्पतिवार शाम तक महाराष्ट्र के मुंबई और हरियाणा के रेवाड़ी जिले से 400 से अधिक लोग रुद्रपुर पहुंचे। राधास्वामी सत्संग भवन में उनके रैंडम सैंपल लिए गए। महाराष्ट्र के रेड जोन शहर मुंबई से पहुंचे 163 लोगों को पंतनगर में संस्थागत क्वारंटीन किया गया। बाहरी राज्यों से प्रवासियों का आने का सिलसिला रात तक जारी रहा। हाईकोर्ट के आदेश के बाहर के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। बृहस्पतिवार को दोपहर के समय महाराष्ट्र और हरियाणा से 400 से अधिक लोग रुद्रपुर पहुंचे। नोडल अधिकारी यातायात संदीप सैनी ने कहा कि रेड जोन मुंबई से लोग ट्रेन से हरिद्वार तक पहुंचे थे। इसके बाद वह बसों से रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुंबई के रेड जोन होने के कारण सभी 163 लोगों की स्वास्थ्य जांच के बाद पंतनगर में संस्थागत क्वांरटीन किया गया। उन्होंने कहा कि हरियाणा का रेवाड़ी शहर रेड जोन में नहीं आया है। उन्होंने बताया कि प्रवासी श्रमिको को लेकर एक ट्रेन लालकुआं पहुंच रही है। इसके साथ ही रात के समय भी बाहरी राज्यों से ट्रेनें पहुंचने की उम्मीद है। रेड जोन से आने वाले लोगों को संस्थागत क्वारंटीन किया जाएगा। उधर, सीएमओ डॉ. अविनाश खन्ना ने कहा कि राधा स्वामी सत्संग भवन में बाहरी राज्यों से पहुंच रहे लोगों के रैंडम सैंपल लिए जा रहे हैं। एक बस में सवार लोगों में पांच या छह रैंडम सैंपल लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाम तक करीब 70 रैंडम सैंपल लिए जा चुके थे।