रुद्रपुर। होम क्वारंटीन युवकों को घर के बाहर घूमना महंगा पड़ गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के खिलाफ होम क्वारंटीन का उल्लंघन करने पर केस दर्ज किया है। दोनों को 14 दिन तक कमरे में रहने की चेतावनी भी दी गई है। जानकारी के अनुसार ओमेक्स निवासी नितिन कुमार 18 मई को लुधियाना से रुद्रपुर पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें 14 दिन होम क्वारंटीन कर परिजनों से दूर रहने और कमरे से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी थी। इसके अलावा मेडिकल टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया था। बृहस्पतिवार को कॉलोनी वासियों ने पुलिस को सूचना दी कि होम क्वारंटीन युवक बाहर घूम रहा है। मौके पर पहुंची सिडकुल पुलिस ने उसे फटकार लगाकर घर भेजा। युवक के खिलाफ पंतनगर थाने में केस दर्ज किया गया है। वहीं ट्रांजिट कैंप निवासी देवेश कुमार भी होम क्वारंटीन के बाद बाजार में घूमते मिला। शिकायत पर पुलिस ने उसे चेतावनी देते हुए घर भेजा। ट्रांजिट कैम्प थाना प्रभारी विद्यादत्त जोशी ने बताया युवक के खिलाफ होम क्वारंटीन उल्लंघन का केस दर्ज किया है।