काशीपुर। छह महीने बाद रेलवे ने रामनगर से बांद्रा के लिए साप्ताहिक मेल एक्सप्रेस का संचालन शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं। लॉकडाउन के बाद पहली बार ट्रेन 16 अक्तूबर को शाम साढ़े चार बजे रामनगर-काशीपुर से होते हुए बांद्रा के लिए रवाना होगी।
25 मार्च से लॉकडाउन के चलते रामनगर से मुरादाबाद संभाग के बीच ट्रेनों का संचालन बंद हो गया था। अनलॉक-5 में भी इस रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो सका है। जिसको लेकर व्यापारी, मरीज, मजदूर, यूपी जाने वाले सरकारी कर्मचारियों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बसों और प्राइवेट वाहनों को दोगुना से अधिक भाड़ा वहन करना पड़ रहा है। अमर उजाला ने रामनगर से मुरादाबाद मार्ग पर ट्रेनों का संचालन शुरू करने के मुद्दे को चार दिन तक प्रमुखता से प्रकाशित किया। शुक्रवार को रेलवे बोर्ड ने रामनगर से बांद्रा के लिए एक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने के स्टेशन अधीक्षक को निर्देश जारी कर दिये हैं। स्टेशन अधीक्षक एसएस डुंगरियाल ने बताया कि 15 अक्तूबर को ट्रेन संख्या 09075 बांद्रा से रामनगर पहुंचेगी। 16 अक्तूबर की शाम 04:30 बजे ट्रेन संख्या 09076 रामनगर से चलकर 04:53 बजे शाम को काशीपुर स्टेशन पर पहुंचेगी। पांच स्टेशन पर रुककर ट्रेन बांद्रा की ओर रवाना होगी।