खटीमा। रक्षाबंधन बृहस्पतिवार को मनाया जाएगा। इसकी तैयारी के लिए खटीमा बाजार सज गया है। लोग राखी की खरीदारी करने के लिए बाजार में पहुंच रहे हैं। इससे दुकानों में ग्राहकों की भीड़ लगी है।
क्षेत्र के मुख्य बाजार, पीलीभीत-खटीमा चौराहा, कंजाबाग चौराहा, रोडवेज के पास राखी की दुकानें सज गईं हैं। इन दुकानों में कई प्रकार की राखियां सजाई गईं हैं। कंजाबाग के राखी विक्रेता समीर ने बताया कि राखी खरीदने के लिए लोग दूर-दूर से आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली और कोलकाता से मंगाई गईं राखियां खूब बिक रहीं हैं। महिलाएं रेशम की डोर, फूल वाली, मोती वाली रखी मांग रहीं हैं जबकि बच्चों के लिए कार्टून और लाइट वाली राखियां बिक रहीं हैं। शाम के समय लोग अधिक खरीदारी कर रहे हैं।
काशीपुर में यात्रियों को लगानी पड़ सकती है दौड़
काशीपुर। रक्षाबंधन पर बहनों को बाहरी डिपो की आने वाली बस पकड़ने के लिए डायवर्ट रूट की ओर दौड़ लगानी पड़ सकती है। इसके लिए उन्हें पहले से ही तैयार रहना पड़ेगा।
रोडवेज डिपो से प्रतिदिन 45 बस हरिद्वार, देहरादून, दिल्ली, चंडीगढ़, बरेली, लखनऊ, टकनपुर, हल्द्वानी आदि स्थानों के लिए संचालित होती हैं। छह साल से डिपो के सामने आरओबी का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते बाहरी डिपो की बस काशीपुर डिपो न आकर टांडा तिराहे, स्टेडियम तिराहे और चीमा चौराहे से होते हुए निकल जाती हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। केंद्र प्रभारी ओमकार सागर ने बताया कि डिपो में 10 चालक और 18 परिचालक की कमी है। रुद्रपुर, टनकपुर, बरेली की बस डिपो में आती है। आरओबी के कारण अन्य डिपो की बस बाहर से निकल जाती हैं। इस कारण कई यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। रक्षाबंधन पर सभी बस मार्गों पर भेजने के लिए कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान कर्मचारियों का अवकाश रद्द रहेगा।