किच्छा मंडी में अपनी उपज को बचाने की कोशिश करते किसान
- फोटो : अमर उजाला
ऊधमसिंह नगर की किच्छा मंडी में सोमवार को बारिश के बाद जो नजारा दिखा उसने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया। देर शाम हुई मुसलाधार बारिश ने किच्छा मंडी में सैकड़ों किसानों की महीनों की मेहनत को कुछ ही मिनटों में बहा दिया। धान के ढेर पानी की धार में ऐसे बह गए मानो किसान का सपना धुल गया हो। सरकारी धान खरीद नीति का क्रियान्वयन एक बार फिर विफल साबित हुआ।
मंडी में कई किसान शाम को बिलखते नजर आए। अन्जनिया निवासी पवनदीप सिंह ने बताया कि वे अपनी उपज दशहरे से दो दिन पहले लाये थे। सरकारी अधिकारी सिर्फ बातों से टहलाते रहे। सोमवार को उनका धान पानी में बह गया। उन्होंने सरकार से मुआवजे की मांग की।
ग्राम मलपुरा निवासी मुमताज मलिक ने बताया कि प्रदेश सरकार ने खरीद करने की कोई योजना नहीं बनाई थी। जो पोर्टल एक अक्टूबर को खुलना था वह छह अक्टूबर को भी बंद रहा। पटेरी के हरी सिंह और नंदलाल गौतम जैसे किसान मंडी की नालियों में बहती अपनी फसल को बस देखते रह गए। किसी ने घर की शादी के लिए धान बेचना था तो किसी ने मकान बनाने का सपना देखा था लेकिन सब कुछ पानी में बह गया।
हरी सिंह ने बताया कि बारिश में उनका धान मंडी की नालियों में बह गया। ग्राम पटेरी के नंद लाल गौतम, सतपाल गंगवार, हीरा लाल, विनोद गंगवार, नरेंद्र गंगवार, अनोखे लाल, महेंद्र गंगवार, आजादनगर के मिथुन, मलपुरा के मुमताज, अफरोज, मो. राशिद, मो. सादिक, मो. अहमद, पटेरी के बलविंदर सिंह की आंखें नम दिखीं। बलविंदर सिंह ने बताया कि किसी ने कर्जा उतारना था किसी ने घर पर शादी रखी थी। किसी ने अगली फसल की बुवाई करनी थी तो कई ने बच्चों की स्कूल की फीस देनी थी। किसान सुल्तान मोहम्मद निवासी मलपुरा बताते हैं कि उन्होंने अपना घर बनाने के लिए मिस्त्री लगा रखे हैं। अब उनका मकान बनाने का सपना सरकारी अधिकारियों की लापरवाही से टूट चुका है।
चारों ओर पानी और बहता धान
बारिश के बीच किसान खुद भीगते हुए अपनी फसल को तिरपाल से बचाने की कोशिश करते रहे। मंडी की बंद नालियों ने हालात बिगाड़ दिए। पानी का बहाव इतना तेज था कि फड़ों पर रखा धान भी बह गया। मंडी में चारों ओर सिर्फ पानी और किसानों की टूटी उम्मीदें दिखाई दे रही थीं।