फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: बारिश ने किसानों की मेहनत बर्बाद, खेतों में बहे अरमान

Thu, 09 Apr 2026 12:48 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर। मंगलवार देर शाम से शुरू हुई बारिश ने रुद्रपुर और आसपास के किसानों के लिए आफत खड़ी कर दी है। खेतों में खड़ी और कटाई के बाद रखी गेहूं की फसल बारिश की भेंट चढ़ गई है। इससे किसानों की छह महीने की मेहनत पर पानी फिर गया है। बारिश के कारण गेहूं की फसल के काला पड़ने की आशंका जताई जा रही है। कटाई का काम भी एक सप्ताह तक खिंच सकता है।
विज्ञापन

रुद्रपुर के बिगवाड़ा, फाजलपुर, भूरारानी, प्रीतविहार सहित कई क्षेत्रों में गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। जो फसल कटाई के बाद खलिहानों में रखी थी वह भी बारिश में भीग गई है।
किसानों को चिंता है कि इस नमी के कारण गेहूं की गुणवत्ता खराब हो जाएगी जिससे उन्हें बाजार में उचित मूल्य नहीं मिलेगा। बारिश के कारण फसल को सुखाने और फिर से कटाई करने में अतिरिक्त समय और श्रम लगेगा जिससे उत्पादन लागत भी बढ़ जाएगी।
विज्ञापन


फसल पकने व कटाई के बाद बारिश हानिकारक कृषि विशेषज्ञों के अनुसार गेहूं की फसल के पकने के अंतिम चरण में या कटाई के बाद बारिश का पड़ना हानिकारक है। नमी के कारण गेहूं के दाने पर फफूंदी लग सकती है जिससे उसका रंग काला पड़ जाता है।


- किसानों की पीड़ा...
बारिश होने से दोहरी मार पड़ी है। खेतों में आधी फसल कट चुकी है और आधी खड़ी है। कटी फसल के काला पड़ने की आशंका है। बारिश और हुई तो दानों का रंग फीका पड़ जाएगा। - विक्रमजीत सिंह, किसान रुद्रपुर
- फसल कटने के बाद बारिश का होना नुकसानदायक है। खेतों में पानी भर गया है। खेतों को सूखने में कम से कम एक सप्ताह का समय लगेगा। फसल अभी काटी तो जड़ों से मिट्टी आने की आशंका होगी। - हीरा सिंह, किसान रुद्रपुर
- बारिश से हमारे खेत में गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। गेहूं पहले ही आधी से गिर चुका है। अब बारिश होने से दोहरी मार पड़ रही है। - गुरुविंदर सिंह, किसान, रुद्रपुर
- फाजलपुर में बारिश काफी हुई है। जो गेहूं के लिए अच्छी नहीं है। फसल पहले ही क्षमता के अनुसार नहीं हुई है। अब बारिश से नुकसान झेलना पड़ रहा है। - शारदा नंद, किसान, रुद्रपुर
बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, कटाई पर ब्रेक से किसान संकट में
शांतिपुरी। बेमौसम बारिश ने इस बार सिर्फ फसल को ही नहीं बल्कि पूरे कृषि कार्य को ठप कर दिया है। मंगलवार रात से जारी तेज बारिश के चलते शांतिपुरी क्षेत्र में गेहूं की कटाई पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है, जिससे किसान गहरे संकट में आ गए हैं। क्षेत्र में जहां करीब 30 प्रतिशत गेहूं की फसल पहले ही कटकर खेतों और खलिहानों में पड़ी थी वह बारिश में भीगकर खराब होने की कगार पर पहुंच गई है। 70 प्रतिशत खड़ी फसल कटाई के लिए तैयार है लेकिन खेतों में पानी भर जाने के कारण किसान कटाई शुरू नहीं कर पा रहे हैं।
बारिश के चलते खेत दलदल में तब्दील हो गए हैं, जिससे आने वाले कई दिनों तक कृषि कार्य प्रभावित रहने की संभावना है।

रुद्रपुर में छह मिमी हुई बारिश, जनजीवन अस्त-व्यस्त
जिला मुख्यालय में कई जगह जलभराव से परेशानी
रुद्रपुर। जिला मुख्यालय के साथ ही आसपास के इलाकों में मंगलवार देर रात से बुधवार दोपहर तक रुक-रुक कर हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के कारण तापमान में आठ डिग्री की गिरावट आ गई। जिला मुख्यालय में कई जगह जलभराव हो गया।
मंगलवार शाम से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। देर रात करीब तीन बजे से तेज हवा के साथ जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में बारिश शुरू हो गई। तड़के चार बजे से काफी देर तक तेज बारिश हुई। दोपहर दो बजे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार तापमान अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार तक अधिकतम तापमान 30-31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा था। तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ गया।
लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़े। रामपुर सड़क में रोडवेज बस अड्डे के पास जलभराव हो गया। इस जगह पर सड़क चौड़ीकरण के लिए खोदाई की गई है। दरियानगर आदि इलाके के लोगों को पानी में पत्थर, ईंट डालकर आवाजाही करनी पड़ी। रास्तों पर बारिश से कीचड़ पसर गया। अटरिया मेले पर भी बारिश का खलल पड़ा। दोपहर तक काफी कम भीड़ रही।
कहां कितनी बारिश
- रुद्रपुर 06 मिमी
- किच्छा 05 मिमी
- काशीपुर 2.5 मिमी
- जसपुर 01 मिमी
- सितारगंज 01 मिमी
- खटीमा 01 मिमी


-इंसेट :
रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों का कीचड़ से सामना
रुद्रपुर। रोडवेज बस अड्डे पर बारिश के कारण हर तरफ कीचड़ पसर गया। यात्रियों को कीचड़ का सामना करना पड़ा। रोडवेज बस अड्डे का सड़क से सटा काफी हिस्सा त्रिशूल चौक-डीडी चौक सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आ गया था। बस अड्डे का पुराना भवन और चारदीवारी ध्वस्त कर दी गई थी। भवन के मलबे के कारण बारिश में परिसर कीचड़ से सन गया।

बारिश ने किसानों की फसल को पहुंचाया नुकसान
किच्छा। बेमौसमी बारिश से बुधवार सुबह जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश से किसानों के चेहरे लटक गए। पानी भरने व तेज हवा से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल गिर गई। सुबह हुई मूसलाधार बारिश से ठंड बढ़ गई जिससे फिर स्वेटर बाहर निकल आए। किसान सुरेश पपनेजा ने बताया कि बारिश ने किसानों की कमर तोड़ दी है।
खराब मौसम के बीच नगर में वाहनों के चक्के होते रहे जाम
रुद्रपुर। बारिश के बीच बुधवार सुबह से नगर में पल-पल में जाम लगता रहा। इससे वाहन चालकों और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
नगर के नैनीताल हाईवे पर सुबह से ही जाम लगने का सिलसिला शुरू हो गया था। हाईवे किनारे वाहन पार्क होने से वाहनों की आवाजाही में बाधा पहुंची। नगर के डीडी चौक से अटरिया मोड़ तक करीब एक किमी के दायरे में वाहन रेंगते रहे। वाहनों की आवाजाही में सबसे अधिक दिक्कत 31वीं वाहिनी पीएसी के पास आई।
वाहिनी के विपरीत दिशा की सड़क किनारे दर्जनों चौपहिया वाहन आड़े-तिरछे खड़े किए गए थे। कई वाहनों का पिछला हिस्सा सड़क पर था। बारिश के कारण वाहन चालक कच्चे में वाहन उतारने से कतरा रहे थे। इस कारण भी पक्की सड़क पर वाहनों का जमावड़ा लग रहा था।
यातायात पुलिस और सीपीयू को वाहनों के सुचारु संचालन के लिए मशक्कत करनी पड़ी। सीपीयू प्रभारी गोधन सिंह ने बताया कि हाईवे किनारे खड़े वाहनों के साथ ही अव्यवस्था फैलाने वाले वाहनों का चालान किया गया।
बारिश के बाद चैती मेला परिसर में हुआ कीचड़
काशीपुर। मंगलवार रात से हुई बारिश की वजह से चैती मेला परिसर में कीचड़ हो गया। बारिश से मां बालसुंदरी मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में कीचड़, जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। इस कीचड़ के कारण मेले की रौनक प्रभावित हुई है। दिन के समय तो मेले में भीड़ कम देखने को मिल रही है, लेकिन रात के समय मेले में काफी भीड़ देखने को मिल रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें