काशीपुर। महाराणा प्रताप चौक से बाजपुर की ओर जा रहे मोटर मार्ग पर टू-लेन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य चल रहा है। अब वहां लोहे का (स्टील गर्डर) पुल का बनाया जाएगा। इस निर्माण कार्य की दैनिक निगरानी की जाएगी। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि यदि जरूरी हुआ तो डोले को लेकर मात्र 11 लोगों को इस मार्ग से जाने की अनुमति मिल सकेगी जबकि अन्य लोग चीमा चौराहे से जाएंगे। पंडा परिवार और प्रशासन के बीच आगामी दिनों में प्रस्तावित बैठक में अंतिम फैसला लिया जाएगा।
डीएम युगल किशोर पंत ने निर्माणाधीन आरओबी में पुल बनाने के लिए 105 दिन तक रोडवेज बस स्टेशन के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग को बंद करने के आदेश दिए हैं। इस कार्य के लिए रेलवे क्रॉसिंग बंद किया गया है। एसडीएम सिंह ने बताया कि अब पुल बनाने के कार्य की निगरानी रोजाना की जाएगी क्योंकि चार खंडों में होने वाले पुल निर्माण के लिए डीएम ने अलग-अलग समय सीमा तय की है।
एसडीएम ने बताया कि 22 मार्च से ऐतिहासिक चैती मेला शुरू होगा। इस दौरान यहां पर निर्माण कार्य चल रहा होगा। इसलिए मां बाल सुंदरी देवी मंदिर के मुख्य पुजारी पंडा विकास अग्निहोत्री, एनएच के अधिकारियों और आरओबी कार्यदायी संस्था के सदस्यों के साथ बुधवार को मौके पर वार्ता हुई। इस दौरान पंडा विकास ने बताया कि 28 मार्च की अर्द्धरात्रि मां भगवती बाल सुंदरी देवी का डोला मंदिर जाएगा। चार अप्रैल की अर्द्धरात्रि चैती मंदिर से डोला वापस पंडा आवास आएगा। इससे पहले मुख्य चौराहा होकर ही मां भगवती की ध्वज यात्रा मंदिर जाती है। इस दौरान निर्माण कार्य होने से राहगीरों को परेशानी होगी।