निजी स्कूलों की मनमानी पर नकेल कसने के लिए डीएम अक्षत गुप्ता के निर्देशन पर गठित की गई जांच समिति ने सोमवार शाम शहर की कई बड़ी किताबों की दुकानों पर छापामार कार्रवाई की।
इस दौरान जांच समिति ने किताबों की दुकानों से स्कूलों की सूची और किताबों की रेट लिस्ट भी कब्जे में ले ली। जांच समिति यह पड़ताल कर रही है कि आखिर एनसीईआरटी की किताबें किन-किन स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल की जा रही हैं। जांच टीम की इस कार्रवाई से किताब विक्रेताओं में खलबली मच गई।
बता दें अमर उजाला ने निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर डेढ़ सप्ताह तक अभियान चलाया था। इसके बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और डीएम अक्षत गुप्ता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिले के सभी एसडीएम की देखरेख में जांच समिति गठित कर दी, जिन्होंने तहसील स्तर पर सोमवार को ताबड़तोड़ छापामार कार्रवाई की।
रुद्रपुर की टीम में एसडीएम एपी बाजपेयी, सीईओ नीता तिवारी, सीओ राजेश भट्ट, डीईओ माध्यमिक पीएन सिंह, डीईओ प्राथमिक डीसी सती आदि शामिल थे। छापे की कार्रवाई पर सीईओ नीता तिवारी ने कहा कि डीएम अक्षत गुप्ता के निर्देश पर जनपद में निजी स्कूलों के खिलाफ छापामार अभियान छेड़ा गया है।
इस दौरान किताबों की खरीद में ज्यादा गड़बड़ी दिखाई दे रही है। इसलिए किताबों की दुकानों पर स्कूलों की लिस्ट, रेटलिस्ट ली जा रही है। मामले की रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी।