रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले अधिकांश बेरोजगार नौकरी के लिए दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात आदि राज्यों पर निर्भर हैं। इनमें अधिकांश लोग गांवों में रहते हैं। लॉकडाउन में राज्यों में फंसे इन लोगों को प्रदेश सरकार वापस ला रही है। इससे गांवों में कोरोना संक्रमण की आशंका को देखते हुए जिला पंचायतीराज विभाग ने सभी 376 ग्राम पंचायतों में राजकीय प्राथमिक व जूनियर स्कूलों, बारात घरों और पंचायत भवनों को क्वारंटीन सेंटर में तब्दील कर दिया। बुधवार को गुलरभोज के रफ़ी नगर गांव में लोगों ने स्कुल में क्वारंटीन सेंटर का विरोध किया। लोगों ने कहा कि इससे गांव में कोरोना फ़ैल सकता है। यही स्थिति रुद्रपुर के नारायण पुर गांव में भी रही। जिला पंचायत अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि क्वारंटीन सेंटर से गांवों में कोरोना संक्रमण की रोकथाम होगी। इसके बाद लोग शांत हुए।