खटीमा। कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में बचाव क्वारंटीन के उल्लंघन पर पुलिस प्रशासन सख्त हो गया है। क्वारंटीन के उल्लंघन पर दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आइसोलेट किया गया।
बता दें कि अन्य शहरों से आने वाले प्रवासी व नौकरीपेशा लोगों के स्वास्थ्य जांच को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। अब तक कोरोना संक्रमित अधिकांश मामले बाहर से आने वालों के ही सामने आए हैं। कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि शुक्रवार को एक टीम एसआई सुरेंद्र प्रताप सिंह बिष्ट के नेतृत्व में होम क्वारन्टीन लोगों की जांच में जुटी थी। इस बीच होम क्वारन्टीन किए गए यूपी के मऊ से आए नोसर ईसाई फार्म निवासी ऋतिक पाल की घर पर होने की जांच की गई तो वह नहीं मिला। जबकि उसके क्वारन्टीन की अवधि 15 जून को समाप्त हो रही है। उसके अन्यत्र होने व उल्लंघन पर धारा 188, 269, 270, 51बी, महामारी अधिनियम 3 में रिपोर्ट दर्ज की गई। अन्य मामले में बताया कि भूड़ाकिशनी निवासी मान सिंह के बारे में पता चला कि वह 3 जून को अपने पड़ोसी को लेकर दिल्ली गया था और वहां से लौटने की बात नहीं बताई।
एसआई अरविंद बहुगुणा ने आरोपी के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल ने बताया कि दोनों आरोपियों को आइसोलेट की कार्रवाई कर दी है। साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण पर अंकुश के लिए उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।