काशीपुर में अस्पताल के बाहर प्रदर्शन करते मरीज।
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना एक सप्ताह पूर्व बंद होने के बाद भी डॉक्टर गरीब मरीजों के साथ खिलवाड़ करने से बाज नहीं आ रहे हैं। आधा दर्जन मरीजों की आंखों में दिन भर दवा डालने के बाद शाम को वेबसाइट न खुलने पर उन्हें अस्पताल से बाहर कर दिया गया।
रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक नेत्र चिकित्सालय में बृहस्पतिवार की सुबह आंखों का ऑपरेशन कराने के लिए सात मरीज भर्ती किए गए। इनमें जसपुर निवासी गजराम सिंह, लक्ष्मीपुर पट्टी निवासी गेंदा सिंह, रहमखानी निवासी विनोद कुमार, अल्ली खां निवासी शहनाज बानो, कवलपुर गढ़ीनेगी निवासी मोहर सिंह, प्रेमवती, बीना सुबह 10 बजे अस्पताल में ऑपरेशन के लिए भर्ती हो गए।
शाम तक सभी मरीजों की आंखों में दवाई डालते रहे, लेकिन शाम को ऑपरेशन करने के समय डॉक्टर ने कंप्यूटर में एमएसबीवाई योजना के बारे में देखा तो फिर से योजना बंद ही दिखाई दी। बृहस्पतिवार को भी मरीजों को बिना ऑपरेशन किए ही भगा दिया गया। इससे आक्रोशित मरीजों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया। बाद में मायूस होकर घरों को लौट गए। डॉक्टर के मुताबिक करीब तीन दिन पहले सीएमओ की मेल प्राप्त हुई थी, जिसमें सभी ऑपरेशन करने की सूचना दी गई थी, लेकिन फिर से इस योजना के नाम पर गरीबों के साथ छलावा किया जा रहा है।