काशीपुर। फर्जी लाइसेंस बनवा कर उन पर अस्त्र खरीदने के मामले में एसटीएफ ने 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह अस्त्र शाहजहांपुर डीएम कार्यालय से निर्गत दर्शाए गए हैं जो काशीपुर गन हाउस से खरीदे गए थे।
एसटीएफ के निरीक्षक एमपी सिंह ने कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि कूटरचित शस्त्र लाइसेंस तैयार कर अवैध रूप से शस्त्र क्रय कर उन्हें उपयोग किए जाने का इनपुट एसटीएफ को मिला था। एसएसपी एसटीएफ ने इस मामले में जांच के आदेश दिए थे।
जांच में पाया गया कि मोहल्ला थाना साबिक निवासी नौशाद हुसैन, लक्ष्मीपुर पट्टी निवासी नसीम, सरवरखेड़ा निवासी मोहम्मद दानिश उर्फ दानू, चामुंडा निवासी सौरभ अग्रवाल, विशाल राजपूत, मेहरोत्रा फार्म निवासी गुरताज सिंह, चामुंडा निवासी जतिन कांडपाल, शाहजहांपुर निवासी मनजोत सिंह व अजीम, चामुंडा निवासी गौरव अग्रवाल ने फर्जी व कूटरचित शस्त्र लाइसेंस बनवाकर काशीपुर गन हाउस से शस्त्र खरीदे और उनका उपयोग किया। इस संबंध में जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय शाहजहांपुर से पत्राचार किया गया। वहां से जानकारी मिली कि इन व्यक्तियों के नाम कोई भी शस्त्र लाइसेंस निर्गत नहीं हुए हैं।
तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध, कूटरचना, धोखाधड़ी और अवैध रूप से शस्त्र प्राप्त करने के आरोप में विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।