काशीपुर एसपी कार्यालय के सामने बनाई गई पार्किंग के विरोध में धरने पर बैठे व्यापारी । संवाद
काशीपुर। नगर निगम प्रशासन की ओर से एसपी कार्यालय के बाहर पार्किंग बनाकर पार्किंग शुल्क लेने के विरोध में व्यापारी भड़क उठे। व्यापारियों ने पार्किंग स्थल पर प्रदर्शन कर इसका विरोध किया।
शनिवार को प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष प्रभात साहनी के नेतृत्व में व्यापारियों ने कहा कि मुख्य बाजार के ज्यादातर व्यापारी अपने-अपने वाहनों से सुबह आते हैं और रात तक वहां खड़े रखते हैं। कहा कि निगम प्रशासन में पार्किंग शुल्क के लिए घंटे के मुताबिक शुल्क वसूली का फ्लैक्सी पोस्टर चस्पा कर दिया है। आक्रोशित व्यापारियों ने कहा यदि उनसे 200 रुपये पार्किंग शुल्क लिया जाएगा, तो व्यापारी पर इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा। यह पार्किंग अब तक निशुल्क थी। लोग अपने अपने वाहन खुद ही खड़ा करते थे, लेकिन अब भारी भरकम शुल्क लागू कर दिया है। इसका व्यापार मंडल विरोध करता है। कहा कि यदि नगर निगम को पार्किंग शुल्क लेना ही है, तो वह शुल्क 10 से 20 रुपये ही होना चाहिए। अगर जल्द से जल्द उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। यहां राजीव परनामी, जतिन नरूला, अमन बाली, सोहन सिंह, संजय रावत, दीपक कुमार, अमित कुमार आदि व्यापारी मौजूद रहे।
क्षेत्रवासियों व प्रशासन के पार्किंग को लेकर निरीक्षण के बाद यह व्यवस्था की गई है। पहले पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से शुल्क नहीं लिया जा रहा था। अब पार्किंग स्थल पर व्यवस्था की गई है और वाहन खड़ा करने के साथ ही वह सुरक्षित रहेंगे। इसलिए पार्किंग शुल्क लगाया है ताकि वाहनों की सुरक्षा रहे और अराजक तत्व का यहां जमावड़ा नहीं लगे। विवेक राय, नगर आयुक्त नगर निगम काशीपुर।