खटीमा। रेलवे लाइन पार बसे गोसीकुआं भुड़ाई भट्टा के ग्रामीणों ने रेलवे फाटक बंद होने के विरोध में तहसील परिसर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों पुराना फाटक बंद होने की स्थिति में ग्रामीणों को लंबा रूट तय कर मुख्य मार्ग तक पहुंचना पड़ेगा। अंत में फाटक की यथा स्थिति कायम रखने के लिए डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार खीम सिंह बिष्ट को सौंपा और उचित कार्रवाई की मांग की।
युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी और गोसीकुआं की ग्राम प्रधान रेखा राणा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसील परिसर पर प्रदर्शन किया। उन्होंने डीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार बिष्ट को सौंपकर फाटक बंद नहीं करने की मांग की। युवा प्रदेश अध्यक्ष कापड़ी ने कहा कि रेलवे फाटक पर बने बैरियर को यदि रेलवे विभाग बंद करता है तो तीन चार गांवों के लोगों केा कई किमी दूरी तय कर मुख्य मार्ग तक पहुंचना पड़ेगा।
इससे धन एवं समय की बरबादी होगी। ग्राम प्रधान रेखा राणा एवं पूर्व ग्राम प्रधान शोभा राणा ने कहा कि इससे पूर्व भी फाटक बंद नहीं करने के लिए एक ज्ञापन और भेजा गया था। ग्रामीण जनता ने एक स्वर में मांग की कि उच्च स्तर पर रेलवे के अधिकारियों से वार्ता कर रेलवे फाटक की यथा स्थिति बनाए रखने की मांग की। तहसीलदार बिष्ट ने इस संबंध में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहां बाबी खोलिया, रमेश सिंह, हरिकिशन, नरेंद्र बिष्ट, संजय सिंह, राजेंद्र सिंह, दिनेश चंद, प्रवीन, नंदा देवी, लालता प्रसाद, रमेश सिंह चौहान, गणेश चंद, गोपाल सिंह आदि थे।