कोरोना महामारी के बीच पहली बार हुई बीडीसी बैठक में अधिकांश अधिकारियों के नदारद रहने से आक्रोशित क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर दिया। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों, सड़क और बिजली व्यवस्था की बदहाली के लिए अधिकारियों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया।
सोमवार को रुद्रपुर ब्लॉक सभागार में बीडीसी बैठक में अधिकारियों के समय पर न पहुंचने के कारण बैठक डेढ़ घंटे देरी से दोपहर 12 बजे शुरू हुई। इसके बावजूद कई विभागीय अधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे। बोर्ड बैठक में नलकूप, बिजली, सड़क से संबंधित करीब 85 प्रस्ताव पारित किए गए। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर निर्माण कार्यों में लापरवाही के आरोप लगाए। धौरा जलाशय से निकलने वाली भंगा माइनर में पानी न छोड़े जाने से प्रभावित हो रही सिंचाई की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया गया।
साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूलों के भवनों और पढ़ाई की सही व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। उप शिक्षा अधिकारी डॉ. गुंजन अमरोही ने क्षेत्र के स्कूलों से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत उनके मोबाइल पर नंबर पर करने को कहा। वहां सांसद प्रतिनिधि विपिन जल्होत्रा, बीडीओ रेनू बिष्ट, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी यशवंत सिंह, ज्येष्ठ उप प्रमुख नीरज सिंह, कनिष्ठ उप मंदीप कौर, क्षेत्र पंचायत सदस्य परमजीत सिंह, भगवानदास, सरोज चौहान, सुशीला देवी, राखी जोशी आदि थे।
बुलाया तो आए नहीं, न बुलाओ तो जताते हैं नाराजगी
रुद्रपुर। बीडीसी बैठक में यदि भूलवश किसी जनप्रतिनिधि को नहीं बुलाया जा सके तो वे अपनी नाराजगी जाहिर करते हैं लेकिन सोमवार को हुई बीडीसी बैठक में आमंत्रित किए जाने के बाद भी कई जनप्रतिनिधियों ने बैठक में शामिल होने की जहमत नहीं उठाई। पदेन सदस्य होने के बावजूद रुद्रपुर, किच्छा और सितारगंज के विधायक बैठक से नदारद रहे। अलबत्ता, किच्छा विधायक के प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे। रुद्रपुर ब्लॉक के 40 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 32 ही बैठक में मौजूद रहे। वहीं, आमंत्रित सदस्य के रूप में 43 ग्राम प्रधानों में से 23 ही पहुंचे। (संवाद)
एजेंडे में किराये का प्रस्ताव शामिल न करने पर रोष
रुद्रपुर। नगर निगम की 26 मार्च को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में दुकानों के किराया बढ़ोतरी पर पुनर्विचार की बात शामिल नहीं किए जाने पर व्यापारियों ने रोष जताया है। इसके विरोध में उन्होंने मंगलवार को विधायक राजकुमार ठुकराल के कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया गया। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय जुनेजा ने बताया कि पिछले दिनों मेयर रामपाल सिंह ने सैकड़ों व्यापारियों को आश्वासन दिया था कि प्रस्तावित नगर निगम की बैठक में 563 किराये की दुकानों और करीब 150 तहबाजारी की दुकानों के बढ़ाए गए किराये पर पुनर्विचार किया जाएगा। लेकिन 26 मार्च की प्रस्तावित बैठक के लिए जो एजेंडा तैयार किया गया है, उसमें किराये और तहबाजारी के नाम पर कोई भी प्रस्ताव नहीं बनाया गया है।
मेयर ने कहा कि इसके विरोध में कार्यालय पर विधायक राजकुमार ठुकराल का घेराव किया जाएगा। साथ ही शहरी विकास मंत्री के रुद्रपुर आगमन पर व्यापारी प्रदर्शन कर उनको ज्ञापन सौंपेंगे। बैठक में रामलाल अदलखा, मुलखराज, सुखीजा, एसपी भारद्वाज, सुरेंद्र सिंह, जतिन नागपाल, इरशाद, संजीव पुजारा, दर्शन चौहान, पंकज सुखीजा आदि थे। (संवाद)
बीडीसी बैठक में हंगामे के बीच अपने क्षेत्र की समस्याएं बताते बीडीसी सदस्य।- फोटो : RUDRAPUR
बीडीसी बैठक में उप शिक्षा अधिकारी को स्कूलों की समस्या बताता बीडीसी सदस्य।- फोटो : RUDRAPUR