रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के किच्छा और रुद्रपुर में परियोजनाओं के लिए 1.38 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है। किच्छा में विभाजन त्रासदी के सेनानियों की स्मृति में स्तंभ बनेगा। रुद्रपुर में कार्यमानक प्रयोगशाला का निर्माण और होमगार्ड कार्यालय में प्रशिक्षण केंद्र व अनावासीय भवन का होगा निर्माण होगा।
किच्छा के पुराने टैक्सी स्टैंड पर भारत-पाकिस्तान के विभाजन की त्रासदी झेलने वाले विभीषिका के सेनानियों की स्मृति में एक भव्य स्तंभ की स्थापना की जाएगी। इस परियोजना के लिए शासन से 35.10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
यह स्तंभ उन अनगिनत लोगों के बलिदान और संघर्ष की याद दिलाएगा जिन्होंने विभाजन के दर्दनाक दौर का सामना किया था। यह न केवल एक स्मारक होगा बल्कि आने वाली पीढ़ियों को इतिहास की महत्वपूर्ण घटना से अवगत कराने का एक माध्यम भी बनेगा।
रुद्रपुर में गुणवत्ता नियंत्रण और मानकों के परीक्षण के लिए आधुनिक कार्यमानक प्रयोगशाला का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 39.41 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। यह प्रयोगशाला विभिन्न उत्पादों और सामग्रियों की गुणवत्ता के लिए अहम भूमिका निभाएगी जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ेगा।
जिला कमांडेंट, होमगार्ड कार्यालय में भी विकास कार्यों को गति मिलेगी। कार्यालय के प्रथम तल पर कमांडेंट जिला प्रशिक्षण केंद्र कार्यालय और एक अनावासीय भवन के निर्माण के लिए 63.84 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
कोट
निर्माण कार्यों के लिए बजट स्वीकृत हो गया है। टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। निर्माण कार्यों को छह माह की अवधि में पूरा कराने का लक्ष्य रखा है। - अमित भारती, ईई, आरडब्लूडी