सितारगंज। स्थानीय पीजी महाविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गीतांजलि मिश्रा ने राष्ट्रीय स्तर पर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। आईआईएससी (भारतीय विज्ञान संस्थान) ने उनकी टीम को सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट पुरस्कार से सम्मानित किया है।
मंगलवार को डॉ. मिश्रा ने बताया कि 24 अप्रैल से नौ मई के बीच आईआईएससी चेल्लाकेरे, कर्नाटक में आयोजित 16 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ था जिसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के विज्ञान वर्ग के 80 शिक्षकों ने भाग लिया था। इसमें प्रतिभागियों को विज्ञान एवं शोध से जुड़ी आधुनिक तकनीकों, प्रयोगशाला पद्धतियों और अनुसंधान आधारित शिक्षण प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
समापन पर प्रतिभागियों ने शोध परियोजनाओं की प्रस्तुति दी जिसमें उनकी टीम को नवाचारपूर्ण सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और प्रभावशाली प्रस्तुति देने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट पुरस्कार दिया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रेनू रानी बंसल ने कहा कि यह सम्मान न केवल डॉ. मिश्रा बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की शोध क्षमता और शैक्षणिक गुणवत्ता को नई दिशा देते हैं।