खटीमा। बनबसा स्टेशन मुख्यालय में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने पूर्व सैनिकों की समस्याएं रखीं। संगठन के पदाधिकारियों ने कर्नल वीके सिंह से पूर्व सैनिकों के स्वास्थ्य के लिए बरेली, हल्द्वानी के साथ ही खटीमा के निजी अस्पतालों में सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। दवाइयों के लिए लोकल का एक मेडिकल स्टोर तय करने और सीएसडी कैंटीन खटीमा को कोड उपलब्ध कराने की भी मांग की। कर्नल ने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। वहां पर दान सिंह बोरा, दान सिंह, पुष्कर सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह अधिकारी, अमर सिंह आदि थे।
बच्चों, गर्भवतियों को मिशन इंद्रधनुष से लगाए जाएंगे टीके
रुद्रपुर। टीकाकरण से वंचित सभी गर्भवती महिलाओं और बच्चों को सात अगस्त से मिशन इंद्रधनुष के तहत टीके लगाए जाएंगे। यह टीकाकरण अभियान तीन माह तक चलेगा जिसमें प्रतिमाह एक सप्ताह टीके लगाए जाएंगे।
सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि गर्भवतियों और बच्चों को बीमारियों से बचाने के लिए मिशन इंद्रधनुष के तहत तपेदिक, हेपेटाइटिस बी, डिप्थीरिया, पर्टुसिस, टिटनेस, खसरा आदि के टीके लगाए जाने हैं। टीकाकरण अभियान के दौरान कई बार गर्भवतियों और बच्चों को टीके नहीं लग पाते हैं। इससे उनके भविष्य में विभिन्न बीमारियों से ग्रसित होने की आशंका रहती है। इन बीमारियों से बचाने के लिए मिशन इंद्रधनुष के तहत वंचित लोगों के जिले में सात अगस्त से टीके लगाए जाएंगे। टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम गठित की जा रहीं हैं। इसके तहत अक्तूबर तक प्रत्येक माह एक सप्ताह टीके लगाए जाएंगे।