राज्य सीमा से सटे यूपी क्षेत्र में रामपुर से बाजपुर आ रही प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जाकर पलट गई। हादसे में पांच महिलाएं सहित 15 यात्री गंभीर रुप से घायल हो गये। घायलों को पुलिस ने अपनी गाड़ियों से को यूपी स्वार (रामपुर) के सीएचसी में भर्ती कराया।
सूचना पर यूपी स्वार एसडीएम अभय कुमार गुप्ता, तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद पांडे, प्रभारी कोतवाल हरीश चंद जोशी सहित कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। घटना पर लोगों की भीड़ लग गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। घटना के बाद चालक और परिचालक फरार हो गये। बताते हैं कि बस को हेल्पर चला रहा था। दर्जन चोटिल और अन्य यात्री दूसरी बस में बैठकर गंतव्य को रवाना हो गये।
बुधवार को रामपुर से बाजपुर आ रही प्राइवेट बस राज्य सीमा से सटे यूपी क्षेत्र के गांव मानपुर (रामपुर) में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे खड्ड में जाकर पलट गई। चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बमुश्किल घायल यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घायलों को अपनी गाड़ियों से अस्पताल में पहुंचाया।
हादसे में दानिश जहां, उसके पति फईम अहमद निवासी यूपी के गांव सैजनी (रामपुर), ऊषा देवी निवासी गांव बेजनीर (रामपुर), अब्दुल वहीद निवासी गांव उदयवाला (रामपुर), अमर सिंह निवासी गांव मिलक मडैयो वाला (रामपुर), शाहजहां निवासी स्वार (रामपुर), सुषमा देवी निवासी गांव मडवा टांडा (रामपुर), चांद बाबू गमनपुरा रामपुर और सुखइेर्द सहित 15 यात्री गंभीर रुप से घायल हो गये।