काशीपुर। अधिकतर निजी स्कूल एनसीईआरटी की पुस्तकों के साथ अन्य प्रकाशकों की पुस्तकें, ड्रेस और अन्य पाठ्यक्रम सामग्री विशेष दुकानों से खरीदने का दबाव बना रहे हैं। खंड शिक्षाधिकारी ने प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य को शिकायत प्राप्त होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बुधवार को खंड शिक्षाधिकारी धीरेंद्र कुमार साहू ने निजी विद्यालय प्रतिनिधियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बताया कि पिछले महीने रुद्रपुर में सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें निजी विद्यालयों के प्रबंधन-प्रधानाचार्य को फीस निर्धारण, पाठ्य पुस्तकों एवं गणवेश के संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। साथ ही एसओपी भी जारी की गई थी। उन्होंने कहा कि विद्यालय किसी भी अभिभावक को पाठ्य पुस्तकों एवं यूनिफॉर्म के लिए विशेष दुकान से खरीदने के लिए बाध्य नहीं करेगा। साथ ही एनसीईआरटी की पुस्तकों के अलावा पाठ्य सामग्री लेने के लिए दबाव नहीं बनाएगा और न ही विद्यालय पाठ्य सामग्री बिक्री करेगा। इस संबंध में लिखित शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि कुछ निजी स्कूल परिवहन, एनसीईआरटी की पुस्तकों के अलावा अन्य प्रकाशकों की पुस्तकें, कॉपी, जूता, बैग, ड्रेस खरीदने के लिए दबाव बना रहे हैं। इसको लेकर अभिभावक सामने तो नहीं आ रहे हैं लेकिन बुक सेलरों और स्कूल प्रबंधन के बीच खेल को बता रहे हैं। इससे मध्यम वर्ग परिवारों का बजट बिगाड़ रहे हैं।