काशीपुर। आईटीआई थाना पुलिस ने बाइक सवार दो लोगों से 1.491 किलो चरस बरामद की है। पुलिस के मुताबिक अल्मोड़ा से खरीदी गई चरस को तराई के रास्ते हरिद्वार में कांवड़ यात्रा में खपाने की तैयारी की जा रही थी। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मामले में भवाली के युवक दिग्विजय सुयाल और अल्मोड़ा के निकेश को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया गया है।
मंगलवार को एसपी कार्यालय में एसएसपी ने मामले का खुलासा किया। बताया कि एसपी अभय सिंह व सीओ दीपक सिंह के निर्देश पर आईटीआई थाना प्रभारी कुंदन रौतेला ने 14 जुलाई को हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने रुद्रपुर-हरिद्वार हाईवे पर एक बाइक सवार को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली। बाइक सवार दिग्विजय सुयाल निवासी ग्राम सुयाल बाड़ी थाना भवाली जिला नैनीताल के कब्जे से बैग में 710 ग्राम चरस बरामद की। दूसरे सवार निकेश चंद्र निवासी ग्राम सिरमौली पोस्ट चौनलिया थाना भतरौंजखान जिला अल्मोड़ा के कब्जे से बैग में 782 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। एसएसपी ने बताया दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। आईटीआई थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में निकेश ने बताया कि यह चरस उसने संजय सिंह बिष्ट निवासी कालाखेत, थाना भतरौंजखान से 75 हजार रुपये में खरीदी थी। दिग्विजय ने बताया कि वह चरस को हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान बेचने जा रहे थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज किया गया है।