शहर में कई इमारतें ऐसी खड़ी हो गई हैं जिन्हें नियमों को ठेंगा दिखाते हुए बनाया गया है। पिछले एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने ऐसे कुछ इमारतों को चिन्हित किया है जिन्होंने फायरब्रिगेड से लेकर विकास प्राधिकरण के मानकों को दरकिनार रखते हुए निर्माण शुरू किया है। अब इस मामले में पुलिस और जिला प्रशासन कार्रवाई की तैयारी कर चुका है।
पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक शहर के बीचोंबीच बन रहे बहुमंजिला इमारतों के निर्माण के लिए कई मानकों को पूरा किया जाना अनिवार्य है, लेकिन इस दिशा में निर्माणाधीन भवन स्वामी इस दिशा में पूरी तरह से लापरवाह बने हुए हैं और दिनरात बहुमंजिला इमारतों का निर्माण धड़ल्ले से हो रहा है। पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की टीम ने पिछले एक सप्ताह के भीतर तीन से अधिक बड़ी इमारतों को चिन्हित किया है जिनके निर्माण में नियमों की अनदेखी हो रही है।
पुलिस और जिला प्रशासन का मानना है आने वाले समय में यदि आगजनी और कोई अन्य आपातकालीन घटना हो गई तो इससे शहर के कई और भवनों को भी खतरा हो सकता है साथ ही जानमाल का भी नुकसान तय माना जा रहा है। इस दिशा में शुरू से ही जिला प्रशासन अगर गंभीर होता तो तेजी से हो रहे बहुमंजिला भवनों के निर्माण पहले ही रुकवा दिए जाने थे, लेकिन कुछ लोगों की सांठगांठ के चलते यह अवैध निर्माण लगातार जारी हैं।
शहर से बाहरी क्षेत्रों में भी हो रहा बहुमंजिला निर्माण
रुद्रपुर। शहर के बीचों बीच जहां तीन-चार बड़े भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है वहीं रुद्रपुर शहर से बाहर ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़क से लगे कई स्थानों पर बहुमंजिला भवनों का निर्माण तेजी से जारी है। पिछले एक सप्ताह से बरसात के चलते अभी देहाती क्षेत्रों में निर्माण कार्य रुका है, लेकिन मानसून के जाते ही शहर से लगे बाहरी इलाकों में भी बहुमंजिला भवनों का निर्माण फिर अपनी गति पकड़ने लगेगा। इसमें खास बात यह है कि बिना नक्शा पास कराए और फायर विभाग की एनओसी लिए बिना ही निर्माण कार्यों में तेजी आ रही है जो कि निकट भविष्य में खतरे का संकेत है।
हमने एक सप्ताह पहले भी कुछ बहुमंजिला इमारत में निर्माण करने वालों को पहले नोटिस भेजकर समय दिया गया है, लेकिन इसके बाद भी कुछ लोग भवन निर्माण कार्य में लगे हुए हैं जो कि नियमों के खिलाफ है। इस तरह के अभी तक शहर में पांच-छह मामले आए हैं, नोटिस के बाद भी निर्माण कार्य नहीं रोका गया तो पुलिस प्रशासन की मदद से उसे ध्वस्त करवाने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
- रोहित मीणा, एसडीएम सदर रुद्रपुर।
शहर के तीन भवनों को चिन्हित किया गया है जो कि 15 मीटर से अधिक ऊपर का निर्माण कर रहे हैं। सिविल लाइन क्षेत्र में भी बहुमंजिला निर्माण नियमों के विपरीत चल रहा है, जिसे चेतावनी देने के बाद भी वहां निर्माण नहीं रुका है। जिला प्रशासन को इसे ध्वस्त करने को कहा गया है। इसमें फायर विभाग के नियमों को भी पूरा नहीं किया गया है इसलिए पुलिस भी इस दिशा में कार्रवाई करेगी।
- डा. सदानंद दाते, एसएसपी ऊधमसिंह नगर