पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस
जसपुर। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर गर्भवती को ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्रााम मंडुवाखेड़ा निवासी मंजूरानी ने शिकायती पत्र में बताया कि पांच माह पूर्व उसका विवाह ग्राम भगवंतपुर निवासी विवेक कुमार से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद कम दहेज लाने का ताना देकर पति विवेक कुमार, सास इंद्रावती, ससुर जब सिंह, ननद सोनी और देवर अंकुश कुमार उसे प्रताड़ित करने लगे। ससुराली दहेज में स्विफ्ट कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट कर उसे छोड़ देने की धमकी देने लगे।
आरोप है कि ससुराल वाले उस पर गर्भ गिराने का दबाव बनाने लगे। आठ अगस्त को कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसे घर से निकाल दिया। प्रभारी कोतवाल जावेद मलिक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।