देहरादून के लिए...
न्यूरो सर्जन बनना चाहती हैं प्रदेश टॉपर ब्यूटी वत्सल
ब्यूटी टिप्स : छोटे-छोटे लक्ष्य बनाकर करें पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
जसपुर। उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में पंडित पूर्णानंद तिवारी इंटर कॉलेज की छात्रा ब्यूटी वत्सल ने 96.60 फीसदी अंकों के साथ मेरिट में पहला स्थान हासिल किया है। ग्राम मुरली वाला निवासी ब्यूटी रोजाना साइकिल से विद्यालय जाती थीं। उसके पिता कुलदीप सिंह चौहान का नगर में ठाकुर मंदिर रोड पर जनरल स्टोर है जबकि माता पूनम देवी गृहिणी हैं। उसका एक छोटा भाई है। ब्यूटी की इस उपलब्धि से परिवार एवं गांव में जश्न का माहौल है। ब्यूटी वर्ष 2012 की टॉपर रहीं इरम सैफी को अपना आदर्श मानकर पढ़ाई करती थीं।
ब्यूटी ने हिंदी में 99, इंग्लिश में 90, फिजिक्स में 98, केमिस्ट्री में 97 और बायो में 99 समेत कुल 483 अंक प्राप्त किए हैं। अंग्रेजी विषय में कम नंबर आने का उन्हें दुख है। ब्यूटी ने परीक्षा के दिनों में सोशल मीडिया से दूरी बनाए रख कर छह घंटे पढ़ाई करके यह लक्ष्य प्राप्त किया है। हाईस्कूल में ब्यूटी ने प्रदेश में 16वीं रैंक हासिल की थी। तभी से उसने इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान पाने का संकल्प लिया था। ब्यूटी ने बच्चों को संदेश दिया कि छात्र-छात्राओं को छोटे-छोटे लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करनी चाहिए। जिस विषय को कठिन समझते हैं, उस पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।
कठिन विषय कोई नहीं होता, यह छात्र के मन की सोच होती है। छात्रा ने सभी छात्र-छात्राओं से कोरोना काल में सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन कर अपनी पढ़ाई जारी रखने की अपील की है अब वह नीट उत्तीर्ण कर एमबीबीएस की पढ़ाई कर न्यूरो सर्जन बनना चाहती हैं। इधर, विधायक आदेश सिंह चौहान ने समर्थकों के साथ छात्रा के घर पहुंचकर उसका मुंह मीठा कराया और भगवान गणेश की चांदी की प्रतिमा देकर बधाई दी। वहीं, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने विद्यालय पहुंचकर छात्रा का उत्साहवर्धन कर 11 हजार रुपये का चेक सौंपा। प्रधानाचार्य अमर सिंह ने बताया इस वर्ष उनके विद्यालय में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षाओं में छह छात्र-छात्राओं ने मेरिट में स्थान प्राप्त किया है। वहां विद्यालय के प्रबंधक पुष्पेंद्र मोहन सिंघल, अध्यक्ष शिव प्रकाश गोयल, खूब सिंह चौहान, सर्वेश वर्मा आदि थे। संवाद
-----------------
फोटो लाइन....29केएसपी 01पी- ब्यूटी वत्सल।
फोटो लाइन.....29केेएसपी 12पी- जसपुर में छात्रा को 11 हजार रुपये का चेक देते पूर्व विधायक एवं प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य।
फोटो लाइन....29केएसपी 26पी- जसपुर में चांदी की मूर्ति देते विधायक।
जसपुर की ब्यूटी वत्सल।- फोटो : KASHIPUR