रुद्रपुर। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के दायरे में आ रही 11 केवी की बिजली की लाइनें शिफ्ट करने की कवायद शुरू हो गई हैं। ऊर्जा निगम ने लाइन शिफ्ट करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए शासन से 9.5 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं।
इन दिनों पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का काम चल रहा है। हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा है। इसी के चलते एयरपोर्ट के दायरे में आ रही हाईटेंशन लाइनें हटवाने पर कार्य किया जा रहा है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट का दायरा बढ़ाने से पहले बिजली लाइनें हटवाई जाएंगी। इसके बाद ही हवाई अड्डे के विस्तारीकरण का कार्य आगे बढ़ेगा। लाइन की शिफ्टिंग के लिए शासन से 9.5 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। जल्द ही बिजली की लाइन शिफ्ट हो जाएगी।
अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड रुद्रपुर प्रथम राजीव चक्रवर्ती ने बताया कि लाइन शिफ्टिंग के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दो मार्च दोपहर दो बजे तक निविदा आमंत्रित की गई है। उसी दिन दोपहर में तीन बजे सार्वजनिक रूप से निविदा खोली जाएगी। बताया कि ठेकेदार से अनुबंध होने के बाद बिजली की लाइन शिफ्ट करने का काम शुरू किया जाएगा।