खटीमा। लोहियाहेड पावर हाउस से आने वाली 33 हजार केवी लाइन पर पेड़ गिर जाने से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति बाधित हो गई। ऊर्जा निगम के इंजीनियरों ने झनकट फीडर से शहरी एवं जमौर फीडर की वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आपूर्ति चालू कर दी है जबकि राजीव नगर, पकरिया, चांदा सहित अन्य स्थानों की आपूर्ति देर शाम तक बाधित रही।
बृहस्पतिवार सुबह साढ़े नौ बजे तेज हवा के साथ हुई बारिश से लोहियाहेड रोड के पास स्थित जंगल में एक पेड़ 33 हजार केवी लाइन में गिर गया। ऊर्जा निगम के जेई पवन उप्रेती ने बताया कि पेड़ गिरने से तारों को काफी नुकसान हुआ है। ऊर्जा निगम के इंजीनियर क्षतिग्रस्त लाइन को ठीक करने में जुटे हैं। कई स्थानों पर आपूर्ति सुचारु कर दी गई है देर रात तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
बारिश के पानी से मुख्य चौराहा जलमग्न
खटीमा। नगर का मुख्य चौराहा बृहस्पतिवार सुबह हुई बारिश से जलमग्न हो गया। वाल्मीकि बस्ती एवं भूमिगत नाले के चोक होने से नगर का गंदा पानी मुख्य चौराहे से स्टेशन रोड की तरफ बहता है। इससे मुख्य मार्ग पर चलने वालें लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगर सीमा के अंतर्गत नगर पालिका की अपनी नाली नहीं होने हल्की बारिश में वार्ड जलमग्न हो जाते है। एनएच की ओर से बनाई गई नाली में वार्डों का पानी नहीं गिरता है। इस नाली में केवल मुख्य मार्ग का पानी ही गिरता है। नगर पालिका के ईओ राकेश कोटिया ने चौराहे में भरने वाले पानी की निकासी के लिए कार्यवाही का आश्वासन दिया है।